6 पिस्तौल, 4.409 किलोग्राम हेरोइन, 12.90 लाख की ड्रग मनी सहित 10 गिरफ्तार
डीजीपी गौरव यादव ने कहा, गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल
अमृतसर, सच कहूँ/राजन मान। Amritsar News: अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले पांच मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से छह पिस्तौल, 4.409 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 12.90 लाख रुपये की ड्रग मनी और एक ड्रोन बरामद किया गया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को यहाँ दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर निवासी राजबीर सिंह (23), गगनप्रीत सिंह उर्फ गगन (31) और सौरव सिंह उर्फ बहादर (23); लोपोके के गांव नूरपुर निवासी विशाल सिंह उर्फ टिब्बरू (22) और रशपाल सिंह उर्फ बब्बा (44); तरनतारन के गांव माड़ी महिगा निवासी वीरपाल सिंह उर्फ बिल्ला (19);
तरनतारन के गांव अमी शाह निवासी जगविंदर सिंह उर्फ काला (19); गांव खियाला निवासी सुखचैन सिंह उर्फ सुख (20); गांव कोलोवाल निवासी जसकरण सिंह उर्फ जस्सी (22) और अमृतसर देहाती के गांव गोसनबाद निवासी युवराज सिंह उर्फ जग्गू (20) के रूप में हुई है। बरामद किए गए छह पिस्तौलों में एक ग्लॉक 9 एमएम और पांच .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इनके अलावा 12 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस टीमों ने आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की जा रही आरोपियों की दो कारें भी जब्त की हैं। डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जाँच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल थे। उन्होंने कहा कि नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आरोपियों के संपर्कों का पता लगाया जा रहा है। मामले की आगे की जाँच जारी है।