नशे की रोकथाम के लिए फिरोजपुर में 20 हॉटस्पॉट गाँवों की पहचान
डिप्टी कमिश्नर ने पुलिस विभाग को हॉटस्पॉट क्षेत्रों में अचानक चेकिंग और सर्च आॅपरेशन तेज करने के दिए आदेश
फिरोजपुर, सच कहूँ/जगदीप सिंह। Firozpur News: जिले की सब-डिवीजनों में नशे के हॉटस्पॉट गाँवों से नशे को खत्म करने और ग्रामीणों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने सब-डिवीजनों के एसडीएम और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नशा प्रभावित गाँवों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर एसएसपी भूपेन्द्र सिंह सिद्धू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से नशे के खात्मे और लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले में नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा। उन्होंने बताया कि जिले में 20 हॉटस्पॉट गाँवों की पहचान की गई है।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की लगातार समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हॉटस्पॉट गाँवों में नशे के सेवन के लिए इस्तेमाल होने वाले स्थानों की पहचान की जाएगी। उन्होंने पुलिस विभाग को इन क्षेत्रों में अचानक चेकिंग, नाकाबंदी और सर्च आॅपरेशन तेज करने के आदेश भी दिए। इसके अलावा, उन्होंने नशा छोड़ रहे युवाओं को मुफ्त कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने और उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर कृष्ण पाल राजपूत, एसडीएम फिरोजपुर अभिषेक शर्मा, एसडीएम गुरुहरसहाय हरदीप सिंह, एसडीएम जीरा सूरज, हिमांशु आईएएस, एसपी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।