शिक्षा और रोजगार
सीएनजी कार में लगी आग, परिवार बाल-बाल बचा
धुआं उठते ही कार से बाहर निकले लोग, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
पानीपत (सच कहूँ न्यूज)। Panipat News: पानीपत में नेशनल हाईवे-709 अऊ पर जलालपुर मोड़ कट के पास शनिवार को एक सीएनजी कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में सवार परिवार ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जबकि आग से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, मतलौडा निवासी सन्नी अपने परिवार के साथ ट्राइबर कार में यमुना नदी में स्नान करने जा रहे थे।
जलालपुर मोड़ कट के पास पहुंचते ही कार के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। सन्नी ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे से गुजर रहे एक पानी के कैंटर की मदद से कार पर पानी डालकर आग बुझाई गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शुरूआती आशंका शॉर्ट सर्किट या सीएनजी लीकेज की जताई जा रही है। हादसे में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।