Body Donation: दुनिया से विदा होकर भी मानवता के काम आईं धनपति देवी इन्सां
जाते-जाते दो लोगों की जिंदगी में रोशनी और मेडिकल विद्यार्थियों को दी प्रेरणा
चंडीगढ़, (अश्वनी चावला)। डेरा सच्चा सौदा के बेमिसाल सेवा अभियान में अब चंडीगढ़ की निवासी धनपति देवी इन्सां का नाम भी दर्ज हो गया है। अपने जीवनकाल में माता धनपति देवी इन्सां कभी भी मानवता की सेवा से पीछे नहीं रहीं और दुनिया से विदा होते समय भी अपनी आँखें और पर्थिव शरीर दान कर मानवता की एक बड़ी मिसाल पेश की।
डेरा सच्चा सौदा की शिक्षाओं और मानवता भलाई मुहिम से प्रेरित होकर धनपति देवी इन्सां ने जीते-जी यह निर्णय लिया था। उनके परिवार ने भी इस फैसले में सहमति जताकर एक अनूठी मिसाल कायम की है। माता धनपति देवी इन्सां के इस संकल्प को उनके पति धर्मपाल और पुत्र सुनील पायल व अरविंद पायल सहित पूरे परिवार ने पूरा किया। माता धनपति देवी इन्सां (75), पत्नी धर्मपाल, अस्पताल में उपचाराधीन थीं, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार के लिए यह घड़ी बेहद दुखदायी थी, लेकिन इस कठिन समय में भी परिवार ने ऐसा निर्णय लिया, जिससे माता जी का पार्थिव शरीर उनके जाने के बाद भी आने वाली पीढ़ियों के काम आ सकेगा। धनपति देवी इन्सां की आँखें सैक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज को दान की गई हैं, जिससे नेत्रहीन लोगों के जीवन में रोशनी आ सकेगी। इसके साथ ही उनका पार्थिव शरीर श्री धनवंतरी आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल, सेक्टर-46बी, चंडीगढ़ को दान किया गया है।
माता धनपति देवी इन्सां के पुत्र सुनील कुमार पायल चंडीगढ़ के स्टेट आॅफिस में उच्च पद पर तैनात हैं, जबकि दूसरे पुत्र अरविंद कुमार कारोबारी हैं। उनकी बेटियों के नाम पुष्पा इन्सां और सविता इन्सां हैं। शरीरदानी धनपति देवी इन्सां के पति धर्मपाल इन्सां और पुत्र सुनील कुमार पायल ने बताया कि माता धनपति इन्सां हमेशा डेरा सच्चा सौदा द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए मानवता की सेवा में जुटी रहती थीं। उन्होंने बताया कि माता जी ने काफी समय पहले ही नाम-शब्द की दात प्राप्त कर ली थी और डेरा सच्चा सौदा में सेवा करती थीं। उनकी पुत्री पुष्पा इन्सां भी इस समय डेरा सच्चा सौदा में दिन-रात सेवा में जुटी हुई हैं, जबकि दूसरी बेटी सविता इन्सां समाज में रहकर मानवता भलाई के कार्य कर रही हैं।
डेरा सच्चा सौदा का सहयोग बेमिसाल, तारीफ के लिए शब्द भी कम
श्री धनवंतरी आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल, सैक्टर-46, चंडीगढ़ में रचना शरीर विभाग (मेडिकल शिक्षा) के प्रमुख डॉ. रंजन कुमार झा ने कहा कि डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की तारीफ में शब्द भी कम पड़ जाते हैं। उनके द्वारा शुरू किए गए महान कार्यों के चलते जहाँ समाज से बुराईयाँ दूर हो रही हैं, वहीं मेडिकल शिक्षा के विद्यार्थियों को शोध के लिए पार्थिव शरीर भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब आम लोग अपने शरीर का एक बाल तक दान करने से कतराते हैं, वहीं डेरा सच्चा सौदा की प्रेरणा से आँखों और अंगों के साथ-साथ शरीरदान भी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके मेडिकल कॉलेज में होने वाले शोध और मेडिकल की पढ़ाई के लिए डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों द्वारा हमेशा पार्थिव शरीर दान किए जाते रहे हैं। इसके लिए वे पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के दिल से आभारी हैं।
Comments