सोफिया व बुजरा ने दीनियात सामान्य प्रतियोगिता में लहराया परचम
सोफिया व बुजरा ने दीनियात सामान्य प्रतियोगिता में लहराया परचम
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: पंजीठ की होनहार छात्राओं सोफिया चौधरी और बुजरा ने गांव में स्थित मदरसा जामिया रहमतुल उलूम में आयोजित दीनियात, विज्ञान व सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करके न सिर्फ अपने माता-पिता बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन मदरसे के प्रिंसिपल हाफ़िज़ फारुख और नाज़िम-तालीमात कारी इफ्तिख़ार के तत्वावधान में हुआ। प्रतियोगिता में लगभग 40 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सोफिया चौधरी पुत्री रियासत चौधरी और बुजरा पुत्री जमशेद अली ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गौरतलब है कि लगभग एक माह पूर्व आयोजित सामान्य ज्ञान की प्रतियोगिता में सिटी लेवल ट्रॉफ़ी जीतकर मदरसे का मान बढ़ाया गया था। यह लगातार दूसरी बड़ी सफलता है, जिसने जामिया रहमतुल उलूम की शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूती दी है। विजेता छात्राओं को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जमीयत उलेमा हिंद के महासचिव मौलाना तहसीन व मास्टर समीर सैफी ने छात्राओं को पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मुबारकबाद दी। कार्यक्रम की सफलता में कारी मुरसलीन व मास्टर मुबारिक अली का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने न केवल प्रतियोगिता का सफल संचालन किया, बल्कि विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी किया। इस मौके पर हाजी मौलाना इन्तिज़ार, मौलाना मुस्तकीम आदि उपस्थित रहे।