UP News: दिवाली से पहले योगी सरकार का बड़ा तोहफा, उज्ज्वला लाभार्थियों को फिर मिलेंगे 2 मुफ्त LPG सिलेंडर

दीपावली से पहले उज्ज्वला लाभार्थियों को यूपी सरकार की सौगात, मिलेगा मुफ्त सिलेंडर

Published On

लखनऊ (एजेंसी)। UP News: दीपावली से पहले योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में दीपावली और होली पर एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल देने की योजना को जारी रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलेंडर रिफिल मिलेंगे। इस पर राज्य सरकार 2142.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी।  

कैबिनेट बैठक के बाद खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि गरीब परिवारों को रसोई गैस की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मंत्रिपरिषद ने योजना को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। पहला मुफ्त रिफिल अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच दीपावली के अवसर पर और दूसरा जनवरी से मार्च 2027 के बीच होली के अवसर पर दिया जाएगा। योजना का लाभ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के उन्हीं लाभार्थियों को मिलेगा, जिनके बैंक खाते आधार से जुड़े होंगे और आधार प्रमाणीकरण पूरा होगा। सरकार ने पात्रता के लिए यह शर्त निर्धारित की है। योगी सरकार पिछले वित्तीय वर्षों में भी दीपावली और होली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराती रही है। अब चालू वित्तीय वर्ष में भी यह व्यवस्था जारी रहेगी। सरकार के अनुसार, इससे गरीब परिवारों में स्वच्छ ईंधन का उपयोग बढ़ेगा और महिलाओं तथा बच्चों को परंपरागत ईंधन के धुएं से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।

वहीं, योगी कैबिनेट ने शुक्रवार को एयरपोर्ट का नाम 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा जेवर' रखने का प्रस्ताव पारित कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन के मीडिया सेंटर में दोनों उपमुख्यमंत्रियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों के साथ पत्रकार वार्ता में इस फैसले की जानकारी दी। सीएम योगी ने कहा कि 65 लाख से अधिक गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास मिले। 3.67 करोड़ राशन कार्डधारक परिवारों के करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। जल जीवन मिशन से 2.46 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन मिले। 3.37 करोड़ शौचालय और 59,183 सामुदायिक शौचालय बने। उज्ज्वला योजना से 1.86 करोड़ मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए। होली और दीपावली पर राज्य सरकार मुफ्त सिलेंडर दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में छह करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी हुए। इनसे 9.90 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य कवच मिला। 1.09 करोड़ गंभीर रोगियों को 18,798 करोड़ रुपये का मुफ्त उपचार मिला। आरोग्य मेलों में 14.67 करोड़ लोगों का उपचार हुआ। गोरखपुर और रायबरेली में एम्स संचालित हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 9.50 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां और निजी क्षेत्र में 65 लाख नियुक्तियां हुईं। 31.11 लाख युवाओं को प्रशिक्षण और 62 लाख से अधिक को स्मार्टफोन तथा टैबलेट दिए गए। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, काशी में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से खिलाड़ियों को नए अवसर मिले हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि 10 लाख स्वयं सहायता समूहों से एक करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। पीएम स्वनिधि से 15 लाख रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को सहायता और स्वामित्व योजना से 1.10 करोड़ ग्रामीण परिवारों को घरौनी मिली। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को दस प्रतिशत आरक्षण भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मिला।

 

 

About The Author

Related Posts