शिक्षा और रोजगार
इजराइल के विश्व चैंपियन सेंसई एयाल निर पहुंचे प्रताप स्कूल, विद्यार्थियों को दिया वैश्विक अनुभव
इजराइल के विश्व चैंपियन सेंसई एयाल निर पहुंचे प्रताप स्कूल, विद्यार्थियों को दिया वैश्विक अनुभव
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: प्रताप स्कूल में विद्यार्थियों को वैश्विक अनुभव प्रदान करने और उनके व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से एक विशेष अंतरराष्ट्रीय संवादात्मक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इजराइल अंतरराष्ट्रीय कराटे विश्व चैंपियन, सातवीं डान ब्लैक बेल्ट एवं आईटीकेएफ यूरोप के महासचिव सेंसई एयाल निर तथा सेंसई तीर्थंकर नंदी ने विद्यार्थियों के साथ ‘बूडो फॉर लाइफ – अभ्यास स्थल से व्यावसायिक नेतृत्व तक’ विषय पर संवाद किया और प्रशिक्षण सत्र के माध्यम से जीवन में सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र समझाए।
सेंसई एयाल निर ने विद्यार्थियों को बताया कि बूडो केवल मार्शल आर्ट अथवा मुकाबले की तकनीक नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की ऐसी पद्धति है, जो व्यक्ति को अनुशासन, एकाग्रता, आत्म-नियंत्रण, मानसिक दृढ़ता, सही समय पर निर्णय लेने, चुनौतियों का सामना करने और अपने लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि इन गुणों को अपनाकर विद्यार्थी न केवल खेलों में, बल्कि शिक्षा, करियर, नेतृत्व और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। सेंसई एयाल निर का ‘बूडो वे’ कार्यक्रम विश्व के अनेक देशों में शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों और विभिन्न संगठनों में आयोजित किया जा चुका है।
इस कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता बूडो के पारंपरिक सिद्धांतों को आधुनिक जीवन, व्यक्तित्व निर्माण और व्यक्तिगत नेतृत्व क्षमता से जोड़ना है। इसके माध्यम से युवाओं को स्वयं को बेहतर बनाने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और जिम्मेदारी के साथ निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया जाता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या दया दहिया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की शिक्षा को पुस्तकीय ज्ञान से आगे ले जाकर जीवन-कौशल, चरित्र निर्माण और व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संगोष्ठी में सीखे गए अनुशासन, एकाग्रता, आत्म-नियंत्रण और निरंतर प्रयास जैसे गुणों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।