Fatehabad Latest News: फतेहाबाद में 6 बच्चों के पिता की उत्तराखंड में संदिग्ध मौत
लघुसचिवालय के बाहर शव रखकर परिजनों ने दिया धरना, बोले तंग आकर की जीवन लीला समाप्त
Fatehabad Truck Driver Death: फतेहाबाद (विनोद कुमार शर्मा)। गाड़ी के लोन में हुई कथित धोखाधड़ी और पुलिस सुनवाई न होने से आहत गांव भूथन कलां निवासी एक ट्रक चालक की उत्तराखंड के काशीपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली है। तीन दिन पहले हुई इस घटना के बाद आज परिजन मृतक का शव लेकर फतेहाबाद लघु सचिवालय के बाहर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर धरना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पिछले हफ्ते भी बच्चों संग दिया था धरना
मृतक की पहचान गांव भूथन कलां निवासी दलबीर सिंह पुत्र कांशी राम के रूप में हुई है। दलबीर शादीशुदा था और उसके परिवार में पांच बेटियां और एक सबसे छोटा बेटा है। बताया जा रहा है कि न्याय की गुहार लगाते हुए दलबीर ने पिछले हफ्ते (करीब 5-6 दिन पहले) भी अपने छह बच्चों के साथ फतेहाबाद लघु सचिवालय के बाहर धरना दिया था। उस समय पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात के बाद, मामला हिसार से जुड़ा होने के कारण इसे हिसार पुलिस को मार्क कर दिया गया था। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि कहीं कोई ठोस सुनवाई नहीं हुई।
काशीपुर में खाया जहर, ट्रांसपोर्टर ने दी सूचना
मृतक के छोटे भाई हंसराज ने बताया कि दलबीर ट्रक चलाने का काम करता था और तीन दिन पहले गाड़ी में लोड लेकर काशीपुर गया था। वहीं उसने मानसिक तनाव के चलते कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। वहां के स्थानीय ट्रांसपोर्टर ने फोन कर परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन काशीपुर पहुंचे, जहां शव का पोस्टमार्टम करवाया गया (हालांकि रिपोर्ट अभी आनी बाकी है) और आज शव को लेकर सीधे फतेहाबाद लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
यह है पूरा मामला
दलबीर द्वारा मरने से पहले पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र (दिनांक 12 नवंबर 2026) के अनुसार, उसने अपनी गाड़ी (नंबर HR-74 B-2440, मॉडल 2019) पर लोन लिया था। दलबीर ने आरोप लगाया था कि हिसार के मिल गेट निवासी राजेश कुमार (जो रेड स्क्वायर मार्केट, हिसार स्थित हिंदुजा फाइनेंस में मैनेजर के पद पर कार्यरत है) और गांव भूथन खुर्द निवासी संजय ने आपसी मिलीभगत कर उसकी गाड़ी पर गलत व फर्जी तरीके से लोन (लोन नंबर HRHISI00185) कर दिया था।
पंचायती समझौते से भी मुकर गए थे आरोपी
ज्ञापन पत्र के मुताबिक, जब दलबीर ने पहले हिसार एसपी को शिकायत दी थी, तो जांच के दौरान 23 अप्रैल 2026 को दोनों पक्षों के बीच पंचायती समझौता हुआ था। इसमें मैनेजर राजेश कुमार ने लिखित बयान दिया था कि वह 11 मई 2026 तक गाड़ी की बची हुई सभी 9 किस्तें भरकर लोन क्लियर कर देगा। लेकिन तय तारीख बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने न तो किस्तें भरीं और न ही लोन क्लियर किया।
मृतक के भाई हंसराज का कहना है कि उनके पास इस बात के सबूत और बैंक स्टेटमेंट भी हैं कि करीब एक साल पहले से किस्तों की पेमेंट आरोपी संजय कांसनिया के खाते में जा रही थी, इसके बावजूद आरोपी पैसे न आने की बात कहकर दलबीर को परेशान कर रहे थे और धमकियां दे रहे थे। इसी प्रताड़ना और प्रशासनिक अनदेखी से तंग आकर दलबीर ने यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल परिजन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व जीवन लीला समाप्त करने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
Comments