Ludhiana Blood Donation Camp: लुधियाना सिविल अस्पताल में डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने लगाया रक्तदान शिविर
शाह सतनाम जी ग्रीन एस वैल्फेयर कमेटी के सेवादारों ने उत्साह के साथ किया रक्तदान
लुधियाना, 20 नवम्बर (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा/रघुवीर सिंह)। सच्चे रूहानी रहबर पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन प्रेरणाओं पर चलते हुए और मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शाह सतनाम जी ग्रीन एस वैल्फेयर कमेटी की ओर से सिविल अस्पताल लुधियाना में रक्तदान शिविर लगाया गया। इस शिविर में सेवादारों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कुल 43 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों सहित अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। शिविर के दौरान सेवादारों ने पूरी सेवा भावना के साथ रक्तदान किया। सेवादारों ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महान कार्य है, जिसका कोई विकल्प नहीं है। किसी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त मिलना उसके लिए नए जीवन की उम्मीद बन सकता है। विशेष रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को नियमित रूप से रक्त की जरूरत पड़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए सेवादारों द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर लगाए जाते हैं।
इस अवसर पर सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने भी रक्तदान शिविर लगाने के लिए शाह सतनाम जी ग्रीन एस वैल्फेयर कमेटी के सेवादारों के प्रयासों की सराहना की। डॉक्टरों ने कहा कि रक्त की जरूरत केवल पहले से इलाज करवा रहे मरीजों को ही नहीं, बल्कि कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में भी पड़ जाती है। ऐसे समय में रक्तदानियों का तुरंत उपलब्ध होना मरीजों के लिए बेहद मददगार साबित होता है। उन्होंने कहा कि सेवादारों द्वारा सिविल अस्पताल के साथ लगातार तालमेल बनाकर रक्त की जरूरत पड़ने पर सहयोग दिया जा रहा है।
इसी कड़ी के तहत चालू वर्ष में सेवादारों की ओर से सिविल अस्पताल लुधियाना में लगाया गया यह लगभग तीसरा रक्तदान शिविर है। सेवादारों की इस पहल से जहाँ जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा रही है, वहीं समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है।
डॉक्टर ने की सेवादारों के जज्बे की सराहना
सिविल अस्पताल की डॉक्टर अमनप्रीत कौर ने कहा कि शाह सतनाम जी ग्रीन एस वैल्फेयर कमेटी के सेवादारों की ओर से मानवता की सेवा के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने बताया कि जब भी अस्पताल में रक्त की जरूरत पड़ती है और सेवादारों को फोन या संदेश दिया जाता है तो वे बिना देरी किए तुरंत पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि सेवादार केवल रक्तदान शिविर लगाने तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी रक्तदान करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
डॉ. अमनप्रीत कौर ने बताया कि इस वर्ष सेवादारों की ओर से सिविल अस्पताल में लगभग तीसरा रक्तदान शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन इन सेवादारों के सहयोग के लिए आभारी है। जब भी मरीजों को आपातकालीन स्थिति में रक्त की जरूरत होती है तो इनका तुरंत सहयोग मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है।
Comments