हरियाणा ने रचा इतिहास! 47वीं सीनियर नेशनल थ्रोबॉल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा।
ओडिशा में कर्नाटक को रोमांचक फाइनल मुकाबले में हराकर हरियाणा बना राष्ट्रीय चैंपियन
ओडिशा/करनाल, सच कहूँ न्यूज़। National Throwball Championship: 47वीं सीनियर नेशनल थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन 18 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक कुडारिया प्लेग्राउंड, जटनी, जिला खुर्दा, ओडिशा में किया गया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में हरियाणा और कर्नाटक की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन हरियाणा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल, आत्मविश्वास और टीम भावना का परिचय देते हुए कर्नाटक को पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
इस शानदार उपलब्धि के बाद पूरे हरियाणा के खेल जगत, विशेषकर थ्रोबॉल परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से टीम को लगातार बधाइयां एवं शुभकामनाएं मिल रही हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जगह-जगह जश्न का माहौल है।
इस ऐतिहासिक जीत पर हरियाणा थ्रोबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री समर सिंह कल्याण जी एवं महासचिव श्री बलवान सिंह जी ने टीम के खिलाड़ियों से फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें शानदार जीत की हार्दिक बधाई दी।
टीम के कोच श्री लेहरी जी एवं श्री पवन जी के कुशल मार्गदर्शन, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने आज इस सपने को हकीकत में बदल दिया। पूरी टीम, कोचिंग स्टाफ और सहयोगियों की मेहनत रंग लाई और हरियाणा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बादशाहत साबित की।
हरियाणा थ्रोबॉल एसोसिएशन की पूरी टीम जल्द ही इस विजेता टीम का भव्य स्वागत करेगी तथा खिलाड़ियों और कोचों को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणा के इन खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और जुनून से हर मंजिल हासिल की जा सकती है।
Comments