शिक्षा और रोजगार
Kairana Road Accident: यमुना ब्रिज पर डंपर की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल
यमुना ब्रिज पर डंपर की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Road Accident: यमुना ब्रिज पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने खाद लेने जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस डंपर की तलाश में जुटी है। हादसे में युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
कैराना क्षेत्र के गांव रामड़ा निवासी नौशाद ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर हरियाणा स्थित मुर्गी फार्म से खाद लेने जा रहे थे। ट्रैक्टर पर परवेज और अफ्फान भी सवार थे। जैसे ही वह यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना ब्रिज पर पहुंचे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से परवेज और अफ्फान नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि नौशाद को भी काफी चोट आई। हादसे के पश्चात आरोपी चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। घायल परवेज को राहगीरों की सहायता से कैराना सीएचसी ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नौशाद और अफ्फान को परिजन उपचार के लिए पानीपत के अस्पताल ले गए है। सूचना मिलने पर यमुना ब्रिज पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी हासिल की। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी की। बाद में पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल हादसे की कोई तहरीर उन्हें प्राप्त नही हुई है। तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। डंपर की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।