शिखर शिक्षा सदन के निशानेबाजों का जलवा, 8 पदकों के साथ 2 लिटिल चैंपियन ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
शिखर शिक्षा सदन के निशानेबाजों का जलवा, 8 पदकों के साथ 2 लिटिल चैंपियन ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
मीरापुर, सच कहूं/ कोमल प्रजापति। शिखर शिक्षा सदन के होनहार निशानेबाजों ने शहीद सहारावत मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। 13 से 17 नवंबर 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज सहित कुल 8 पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही खिलाड़ियों ने 2 लिटिल चैंपियन ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों एवं शूटिंग अकादमियों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। 10 मीटर एयर राइफल पीप साइट इवेंट में जसप्रीत, वीरभद्र और रुद्रवीर ने गोल्ड मेडल हासिल किए, जबकि वंश पाल ने सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
वहीं 10 मीटर एयर राइफल ओपन साइट इवेंट में हर्षित ने गोल्ड, युवराज ने सिल्वर तथा अवनी और पृथ्वी ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। खिलाड़ियों की इस सफलता पर विद्यालय के चेयरमैन सुशील शर्मा ने उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डायरेक्टर राजेश शर्मा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं मैनेजर शिखा शर्मा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
Comments