शिक्षा और रोजगार
नशे से दूर रहें, खेलों पर ध्यान दें और जीवन को सफल बनाएं: डीएसपी सुनील कुमार
नशे से दूर रहें, खेलों पर ध्यान दें और जीवन को सफल बनाएं: डीएसपी सुनील कुमार
छछरौली (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Chhachhrauli News: शिवाजी प्रेस क्लब यमुनानगर रजिस्टर्ड की ओर से शुक्रवार को जठलाना क्षेत्र के गांव खजूरी स्थित श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रादौर के डीएसपी सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि स्कूल के अध्यक्ष महिपाल सिंह राणा और एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम और सिविल अस्पताल यमुनानगर की ओर से पहुंचे रिंकू सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, इससे बचाव और नशे की लत से बाहर निकलने के उपायों के बारे में जागरूक किया।
नशा खरीदना और बेचना, दोनों नुकसानदायक
मुख्य अतिथि डीएसपी सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को बुरी तरह प्रभावित करता है। नशे से दूर रहना और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा स्कूलों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 'नशे से जंग, यमुनानगर पुलिस के संग' अभियान के तहत पुलिस नशे की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही नशे की लत से जूझ रहे लोगों को इससे बाहर निकालने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस का एंटी नारकोटिक्स सेल पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे नशे से दूर रहें, खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लें तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान दें।
हर गांव तक पहुंच रहा एंटी नारकोटिक्स सेल: एसआई सतीश कुमार
एंटी नारकोटिक्स सेल के एसआई सतीश कुमार ने कहा कि जिला पुलिस की टीम गांव-गांव जाकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही है। पुलिस द्वारा उन गांवों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां नशे की बिक्री या सेवन की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में नशे को अपने जीवन का हिस्सा न बनने दें। बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करके शिक्षा, खेल और अच्छे संस्कारों पर ध्यान देना चाहिए।
सिविल अस्पताल यमुनानगर की ओर से पहुंचे रिंकू सिंह ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशे की लत से बाहर निकलने के लिए उचित मार्गदर्शन और चिकित्सा सहायता लेना महत्वपूर्ण है। सिविल अस्पताल की टीम नशा मुक्ति के प्रयासों में अपनी भूमिका निभा रही है।
आठ सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर चुका है शिवाजी प्रेस क्लब
शिवाजी प्रेस क्लब यमुनानगर रजिस्टर्ड के अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने कहा कि क्लब लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। क्लब की ओर से रक्तदान शिविर, 'एक पेड़ मां के नाम' पौधारोपण अभियान, 'नशे से जंग, यमुनानगर पुलिस के संग' नशा मुक्ति जागरूकता अभियान और 'सेवा संकल्प' के तहत भारत स्वच्छता अभियान सहित अब तक आठ कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में शिवाजी प्रेस क्लब नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान चला रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रखना तथा समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान शिवाजी प्रेस क्लब की ओर से मुख्य अतिथि डीएसपी सुनील कुमार सहित सभी अतिथियों को पटका पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिवाजी प्रेस क्लब के जगाधरी सब डिवीजन प्रधान संजीव चौहान, रामकिशन कश्यप, रविश चौहान, राजेंद्र कुमार, सविता, रविकांत, प्रीति सैनी, दिनेश कुमार, शिव चुन्नी, संजीव विज, नितिन सिंगला, आदित्य शर्मा, अंतिम प्रजापति, रुद्र प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।