अवैध डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने की मांग, रोडवेज यूनियन ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

जनपद गाजियाबाद में डग्गामार वाहनों पर नहीं लग रही रोक: राजवीर सिंह

Published On

गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह। Ghaziabad News: परिवहन निगम की बसों के सामने अवैध रूप से संचालित निजी डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर यूपी रोडवेज इम्पलाइज यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री राजवीर सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) गाजियाबाद के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव को दिया गया।

इस दौरान क्षेत्रीय मंत्री राजवीर सिंह ने कहा कि परिवहन निगम के बस स्टैंड के आसपास, प्रमुख पिकिंग प्वाइंट और राष्ट्रीयकृत मार्गों पर बड़ी संख्या में अवैध एवं निजी डग्गामार वाहनों का संचालन हो रहा है। इससे परिवहन निगम को भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही शासनादेशों की भी अनदेखी की जा रही है।

शासनादेशों की भी हो रही अनदेखी

उन्होंने बताया कि शासनादेश  के अनुसार, समय-समय पर जारी निर्देशों में परिवहन निगम के बस स्टैंड के एक किलोमीटर की परिधि में अवैध रूप से संचालित निजी बस एवं टैक्सी स्टैंड हटाने तथा अनधिकृत रूप से स्टेज कैरिज के तौर पर संचालित कॉन्ट्रैक्ट कैरिज वाहनों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद इन नियमों का उल्लंघन करते हुए डग्गामार वाहनों का संचालन जारी है।

राजवीर सिंह ने बताया कि इस समस्या को लेकर प्रांतीय अध्यक्ष पं. रामजी त्रिपाठी की अध्यक्षता में 7 अक्टूबर 2026 को यूनियन की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई थी। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 13 अक्टूबर को प्रबंध निदेशक को पत्र भेजकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी शाखा एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों को परिवहन निगम, परिवहन विभाग और जिला व मंडल स्तर के अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपने के निर्देश दिए गए थे।

Ghaziabad News (2)

इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 को गाजियाबाद क्षेत्र की क्षेत्रीय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रांतीय नेतृत्व के निर्णय का समर्थन करते हुए डिपो एवं क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर अवैध निजी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के लिए ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का समर्थन करेंगे

यूनियन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि परिवहन निगम के बस स्टैंड के एक किलोमीटर के दायरे और राष्ट्रीयकृत मार्गों पर शासनादेशों के विपरीत संचालित अवैध एवं डग्गामार वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राजवीर सिंह ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो प्रांतीय अध्यक्ष पं. रामजी त्रिपाठी की ओर से लिए जाने वाले किसी भी आंदोलनात्मक निर्णय का गाजियाबाद क्षेत्र के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी शत-प्रतिशत पालन करेंगे।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts