नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला पहुंचा पुलिस तक, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

युवक के माता-पिता, भाई व मामा के खिलाफ जबरन धर्म परिवर्तन कराने तथा बंधक बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: ऊंचागांव की किशोरी को ले जाने के आरोपी मुस्लिम युवक पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने आरोपी युवक, उसके माता-पिता, भाई व मामा के विरुद्ध किशोरी का जबरन धर्म परिवर्तन कराने तथा बंधक बनाने के आरोप में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले को एक दिन पूर्व बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया के माध्यम से उठाते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग की थी। विगत गुरुवार को क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी एक विधवा महिला ने जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा आश्रम में पहुंचकर स्वामी यशवीर महाराज से अपनी पीड़ा बयां की थी।

पीड़िता ने एक मुस्लिम युवक पर उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को भगाकर ले जाने एवं धर्मांतरण कराने के आरोप लगाए थे। इस पर यशवीर महाराज ने वीडियो जारी करके प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित करते हुए सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोपी युवक के परिजनों को एक सप्ताह के भीतर किशोरी को वापिस करने का अल्टीमेटम दिया था। वीडियो में स्वामी यशवीर महाराज ने बताया था कि पीड़ित परिवार उनसे आकर मिला है। उनकी नाबालिग बेटी जनपद बागपत के बड़ौत में पढ़ने जाती थी। इसी दौरान कांधला कस्बे में अपनी रिश्तेदारी में रह रहा यमुनानगर(हरियाणा) का एक मुस्लिम युवक स्कूल आने-जाने के दौरान लड़की के संपर्क में आया और उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। दो साल पहले आरोपी युवक ने उसके साथ में दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाई। इसके बाद, आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

इसके बाद आरोपी युवक कुछ दिन पहले लड़की को घर से भगाकर ले गया। परिवार के अनुसार, लड़की घर से लाखों रुपये नकद और सोने-चाँदी के आभूषण भी लेकर गई है। आरोप है कि युवक लड़की की विधवा मां को धमकी देकर गया कि वह अपने अन्य बच्चों के साथ मुस्लिम बन जाए, अन्यथा उसे जान से मार दिया जाएगा। वीडियो में यशवीर महाराज ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाने की मांग की थी। साथ ही, चेतावनी दी थी कि यदि एक सप्ताह के अन्दर किशोरी को वापस नही दिया गया तो कांधला में आरोपी युवक के घर का ऐतिहासिक घेराव करके धरना दिया जाएगा। इसके अलावा, यमुनानगर में भी आरोपी युवक के घर पर हिंदू पंचायत की जाएगी।

यशवीर महाराज ने प्रशासन से किशोरी की सुरक्षित बरामदगी, आरोपी के विरुद्ध धर्मांतरण, अपहरण और धमकी देने की कठोर धाराओं के तहत कानूनी कार्यवाही किये जाने की मांग की थी। यशवीर महाराज द्वारा मामला सोशल मीडिया पर उठाए जाने पर पुलिस महकमें में हलचल मच गई, जिसके चलते पुलिस ने गुरुवार देर रात्रि आरोपी युवक साबिर, उसके पिता तैय्यब, माँ शबीना व भाई अनस निवासीगण पुराना हमीदा नगर यमुनानगर हरियाणा तथा मामा जाकिर निवासी बीबीपुर बुरिया यमुनानगर हरियाणा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा-137(2) तथा उत्तर-प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेद अधिनियम-2021 की धारा-3 व 5(1) के तहत अभियोग पंजीकृत करके अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं, कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts