विकसित भारत-2047 के लिए नगर निगम की सुविधाएं दुरुस्त करना जरूरी: गुरमीत सिंह

नगर निगम की सुविधाएं दुरुस्त नहीं तो 2047 में विकसित भारत का सपना कैसे होगा साकार: पूर्व राज्यपाल

Published On

गाजियाबाद, सच कहूँ/रविन्द्र सिंह। Ghaziabad News: शहर में स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, प्रदूषण नियंत्रण, बेहतर सड़कें और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना विकसित भारत-2047 की कल्पना साकार नहीं हो सकती। इसी मुद्दे को लेकर रविवार को मेरठ रोड स्थित मनन धाम मंदिर के सामने शहीद स्मारक पार्क में राष्ट्रीय सैनिक संस्था की गाजियाबाद इकाई की ओर से नगर निगम की सुविधाओं और नागरिक समस्याओं पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त को आमंत्रित किया गया था, लेकिन तीन बार रिमाइंडर भेजने के बावजूद वह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। कार्यक्रम के लगभग समापन के समय उनकी ओर से एक जूनियर इंजीनियर को भेजा गया। इस पर मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल एवं भारतीय सेना के पूर्व सेनापति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने आश्चर्य और नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को अवगत कराएंगे।

राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने स्वागत संबोधन में कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों का निवारण करना भी संस्था का एक प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जब पानी अशुद्ध हो, प्रदूषण का स्तर आसमान छू रहा हो और शहर की प्रमुख नदी सांस लेने को तरस रही हो, तो नागरिकों का जीवन नारकीय होना स्वाभाविक है। सैनिक सीमा पर देश की रक्षा करते हैं और सेवानिवृत्ति के बाद समाज की सेवा में जुट जाते हैं।

उन्होंने कहा कि गाजियाबाद स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम पायदान पर रहा है, लेकिन नगर निगम की नागरिक सुविधाओं के मामले में अभी काफी सुधार की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि नगर निगम में प्रत्येक नागरिक सुविधा के लिए अलग क्विक रिस्पांस टीम (QRT) बनाई जाए। बहुमंजिला इमारतों में बोरिंग के पानी की मीटरिंग हो, कूड़ा निस्तारण के लिए सैनिटरी लैंडफिल बनाई जाएं तथा प्रदूषण नियंत्रण में सिविल सोसाइटी की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि शहरी प्रशासन में सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता जवाबदेही की है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या शहर का प्रशासन नागरिकों के साथ नियमित बैठकें करता है? उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाएं अक्सर इसलिए सफल नहीं हो पातीं, क्योंकि जिन लोगों के लिए योजनाएं बनाई जाती हैं, उन्हें ही योजना निर्माण में शामिल नहीं किया जाता। उन्होंने गाजियाबाद नगर निगम और प्रशासन से नागरिकों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने की अपील की। साथ ही कहा कि गौरव सेनानी इस कार्य में अपेक्षा से अधिक सहयोग देने को तैयार हैं।

नगर निगम के प्रतिनिधि ने कार्यक्रम में उठाए गए सभी सुझावों को नोट करते हुए उन्हें नगर आयुक्त तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

स्कोडा ग्रुप के मुख्य सलाहकार राजन छिब्बर ने कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब जमीनी स्तर पर अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शहर में 15 से 20 ऐसे लेबर अड्डे होते हैं, जहां मजदूर रोजाना काम की तलाश में जुटते हैं, लेकिन वहां अस्थायी शेल्टर, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। सवाल यह है कि क्या इन सुविधाओं के बिना विकसित देश की कल्पना की जा सकती है?

प्रोफेसर डॉ. नीलम पवार ने सामाजिक जिम्मेदारी पर विचार रखते हुए बताया कि उन्होंने समाज के सबसे निचले वर्ग की घरेलू सहायिकाओं के शोषण को रोकने के उद्देश्य से घरेलू कामगार समिति का पंजीकरण कराया है।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के संयोजक राजीव खोसला, दिल्ली प्रदेश की महिला अध्यक्ष उर्वशी वालिया, कर्नल मुकेश त्यागी, कर्नल एसपी राघव, लेफ्टिनेंट वीपी शर्मा, सर्वेश मित्तल, ईशान त्यागी और कमांडर विनोद शर्मा ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि गड्ढामुक्त सड़कें, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली, शुद्ध हवा और प्रदूषण रहित कूड़ा निस्तारण जैसी सुविधाएं भले ही छोटी बातें लगें, लेकिन विकसित भारत के निर्माण के लिए ये बेहद जरूरी हैं।

इन्हें उत्कर्ष सेवा पदक से नवाजा

कार्यक्रम के दौरान  सुमन त्यागी,  सीमा त्यागी, उषा राणा,  मोनिका गोयल और सुश्री स्वाति बंसल को देशभक्ति एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर ये संयोजक और गणमान्य रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य संयोजक गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, राज शर्मा, पुष्कर बिष्ट, नमिता भल्ला, व्यवस्था प्रभारी एडवोकेट सुनील कुमार, गौरव सेनानी चंदन सिंह, राजेंद्र त्रिपाठी, गणेश दत्त और भारती शर्मा सहित सैकड़ों गौरव सेनानियों एवं देशभक्त नागरिकों ने भाग लिया।

Ghaziabad News (4)

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts