शिक्षा और रोजगार
गाजियाबाद में 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
फरमान पर लूट, चोरी, हत्या के प्रयास समेत करीब 100 मुकदमे दर्ज, चोरी की फॉर्च्यूनर और तमंचा बरामद
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान क्राइम ब्रांच और थाना लिंक रोड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार देर रात्रि सूर्य नगर चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे 50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की फॉर्च्यूनर कार, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने मीडिया को बताया कि 10 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच और लिंक रोड पुलिस की संयुक्त टीम सूर्य नगर चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि कार सवारों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और कार मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कार चला रहे फरमान के दोनों पैरों में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भिजवा दिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से भाग निकला।
लूट, चोरी से लेकर गैंगस्टर तक के मुकदमे
एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरमान (29) पुत्र मेहरबान, निवासी समर गार्डन, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, फरमान के खिलाफ लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 100 मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना लिंक रोड और थाना मधुबन बापूधाम के मामलों में वांछित था। थाना लिंक रोड से उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
चोरी की फॉर्च्यूनर समेत असलहा बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार, 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, फॉर्च्यूनर थाना लिंक रोड क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 218/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज है। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।