अंतरिक्ष वो किताब है, जिसका हर पन्ना नया रहस्य खोलता है - आईपीएस जयबिंद
एफएस यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय अंतरिक्ष प्रदर्शनी का हुआ समापन
फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: शिकोहाबाद में एफ.एस. विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने भारतीय अंतरिक्ष उपलब्धियों, उपग्रह तकनीक और अंतरिक्ष अभियानों की जानकारी ली। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एएसपी शिकोहाबाद आईपीएस जयबिंद कुमार गुप्ता ने प्रदर्शनी में लगाए गए वैज्ञानिक मॉडलों, उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और संचार तकनीक से जुड़े प्रदर्शनों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष वो किताब है, जिसका हर पन्ना एक नया रहस्य खोलता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसरो अहमदाबाद के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने उपग्रहों की कार्यप्रणाली, अंतरिक्ष यानों की तकनीक, ग्रहों के अध्ययन के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी। समापन पर एफएस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. दिलीप यादव ने इसरो के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रतिकुलाधिपति डॉ. योगेश यादव, ट्रस्टी डॉ. राहुल यादव, डॉ. नितिन यादव, कुलपति डॉ. संजीव भारद्वाज के अलावा प्रो. अरविंद यादव, डॉ मनोज कुमार यादव, डॉ मित्रपाल सिंह, राहुल देव, राहुल जैन, अंकित गुप्ता आदि मौजूद रहे।