मदरसों का उर्दू भाषा और साहित्य के विकास में अहम किरदार: मौलाना वासिल हुसैनी
अंजुमन बज्म-ए-जाहिदिया के तत्वावधान में मदरसा जाहिदिया फैज-ए-कामिल भूरा में अदबी कार्यक्रम आयोजित, उलमा और इमामों ने पेश किया अपना कलाम
कैराना। Kairana News: अंजुमन बज्म-ए-जाहिदिया के तत्वावधान में मदरसा जाहिदिया फैज-ए-कामिल, भूरा में एक अदबी और शायरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें इलाके के उलमा-ए-किराम, मस्जिदों के इमाम और साहित्य से जुड़ी दिलचस्पी रखने वाले लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान शायरों और उलमा ने अपना-अपना चुनिंदा कलाम पेश किया, जिसे मौजूद लोगों ने बड़े ध्यान और दिलचस्पी के साथ सुना। अच्छे कलाम पर श्रोताओं ने तालियों और वाहवाही के साथ खूब दाद दी। इस मौके पर मौलाना वासिल हुसैनी ने अपने खिताब में उर्दू भाषा और साहित्य के विकास में इस्लामी मदरसों के किरदार को अहम बताते हुए कहा कि मदरसे केवल दीनी तालीम और तरबियत के मरकज ही नहीं हैं, बल्कि उर्दू भाषा, तहजीब और इल्मी व अदबी विरासत की हिफाजत करने वाले अहम संस्थान भी हैं।
मदरसों ने हर दौर में उर्दू भाषा और साहित्य की तरक्की में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यहां से ऐसे अहले-इल्म और अहले-क़लम पैदा हुए हैं, जिन्होंने अपनी तहरीरों, तकरीरों और अदबी सेवाओं के जरिए उर्दू भाषा को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उर्दू हमारी तहजीबी और इल्मी पहचान का अहम हिस्सा है। इस भाषा की मिठास, खूबसूरती और साहित्यिक महानता को बरकरार रखने के लिए जरूरी है कि नई पीढ़ी में पढ़ने-लिखने और शायरी व अदब का शौक पैदा किया जाए। इस तरह के अदबी कार्यक्रम न केवल उलमा और शायरों की हौसला अफजाई करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी भाषा और साहित्य से जोड़ने का काम करते हैं।
कार्यक्रम में मुफ्ती मोहम्मद अक़रम कांधलवी, कारी इनाम, कारी आबिद, कारी हुसैन, कारी शोएब, कारी नौमान, कारी तसव्वुर, कारी सनवर, हाफिज शादान और हाफिज अरमान सहित अन्य लोगों ने अपना कलाम पेश किया। उपस्थित लोगों ने सभी के कलाम को सराहा और खूब दाद दी। इस अवसर पर हाफिज इरशाद जनरल सेक्रेटरी जमीयत उलमा शहर झिंझाना, मौलाना साजिद रशीदी, मौलाना मुकर्रम, मौलाना अकबर, हाफिज शौकीन, कारी आरिफ, कारी ओवैस, कारी सादिक, कारी उसामा, चौधरी अब्बास, चौधरी आरिफ, हाजी यूसुफ, नासिर, जाकिर और आमिर साहब सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह इल्मी, अदबी और खुशनुमा रहा। उपस्थित लोगों ने इस तरह की अदबी बैठकों को उर्दू भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार तथा साहित्यकारों की हौसला अफजाई के लिए उपयोगी बताया।
Comments