Sirsa Accident: दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में ट्रक चालक की मौत
एक व्यक्ति घायल, दूसरा बाल बाल बचा
सरसा, (सच कहूँ न्यूज)। डबवाली उपमंडल के गांव सकताखेड़ा में हैफेड गोदाम के समीप बीती देर रात दो ट्रकों की आमने सामने हुई टक्कर में एक ट्रक चालक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरे ट्रक में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया और दूसरा बाल बाल बच गया। मृतक की पहचान राजस्थान के चूरू जिला के गांव राजगढ़ निवासी 23 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र सीता राम के तौर पर हुई है। हादसे का कारण एक ट्रक का गलत दिशा में आना बताया जा रहा है।
पुलिस ने मृतक के भाई के बयानों पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौटाला चौकी प्रभारी सतपाल ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में मृतक अनिल के भाई सुखदेव ने बताया कि उसका भाई अनिल कुमार अपने ट्रक में पंजाब से गुजरात की और जा रहा था। इसी दौरान मंगलवार देर रात्रि जैसे ही वह गांव सकताखेड़ा के समीप स्थित हैफेड गोदाम के पास पहुंचा तो सामने से गलत दिशा में आ रहे एक ट्रक से उसकी आमने सामने टक्कर हो गई जिसमें वह गंभीर घायल हो गया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें संभाला और उपचार हेतु डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया लेकिन घायल के कहने पर उसे राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच अधिकारी जगतपाल ने बताया कि हादसे में दूसरे ट्रक का चालक मुश्दक हुसैन पुत्र अब्दुल अहमद निवासी श्रीनगर भी घायल हुआ था। उसे भी उपचार हेतु डबवाली के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया था जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था लेकिन वह यहां से फरार हो गया जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई सुखदेव के बयानों के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।