APEC Summit: चीन दौरे पर ट्रंप का बड़ा बयान, शी जिनपिंग के साथ रिश्तों को लेकर कही ये बात

चीन दौरे पर ट्रंप का बड़ा बयान, शी जिनपिंग के साथ रिश्तों को लेकर कही ये बात

Published On

शेनझेन/चीन। APEC Summit: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ अपने 'बेहतरीन व्यक्तिगत संबंधों' का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के लोगों के हित में यह दोस्ती लगातार मजबूत हो रही है। दोनों नेताओं ने एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) मंच से इतर चीन के शेनझेन शहर में द्विपक्षीय वार्ता की। ट्रंप ने कहा, "2017 में चीन की अपनी पहली राजकीय यात्रा से लेकर नौ साल बाद इस यात्रा तक, राष्ट्रपति शी और मेरे बीच बेहतरीन व्यक्तिगत संबंध बने हैं। इससे दोनों देशों के लोगों को काफी फायदा हुआ है और हम इस दोस्ती को लगातार मजबूत कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि समय के साथ दोनों नेताओं के संबंध और करीबी हुए हैं।

ट्रंप ने बताया कि बुधवार शाम एपेक के स्वागत समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान वह और शी करीब दो घंटे साथ बैठे और औपचारिक बैठक से पहले प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि इससे कुछ नतीजे निकलेंगे।" दोनों नेताओं के बीच व्यापार, शुल्क और चिप सहित प्रौद्योगिकी पर प्रतिबंधों को लेकर चर्चा होने की उम्मीद थी।

आर्थिक संबंधों की समीक्षा करते हुए  ट्रंप ने मई में अपनी बीजिंग यात्रा के दौरान गठित अमेरिका-चीन व्यापार बोर्ड का उल्लेख किया। उन्होंने सितंबर में शी की वाशिंगटन यात्रा के दौरान अंतिम रूप दिए गए '30 फॉर 30' शुल्क राहत प्रस्ताव का भी जिक्र किया। इसके तहत दोनों पक्षों ने 30 अरब डॉलर के आयात पर शुल्क में निष्पक्ष तरीके से कटौती करने पर सहमति जतायी थी।

ट्रंप ने कहा कि वह चीन से कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाने का आग्रह करेंगे, क्योंकि वहां अमेरिकी कृषि उत्पादों की "अतृप्त मांग" है। यह इस साल श्री ट्रंप की चीन की दूसरी यात्रा और दोनों नेताओं के बीच वार्ता का तीसरा दौर है। पिछली दो शिखर बैठकों में ट्रंप और शी ने सम्मान, निष्पक्षता और पारस्परिकता के आधार पर रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक संबंध विकसित करने पर सहमति जतायी थी।  ट्रंप ने दोनों नेताओं की ओर से बोलते हुए कहा कि अमेरिका और चीन रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने में मदद करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि इस युद्ध में हर महीने 25,000 लोग, जिनमें ज्यादातर सैनिक हैं, मारे जा रहे हैं।

ईरान युद्ध के संबंध में  ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों का साझा हित यह सुनिश्चित करने में है कि वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से ऊर्जा का आवागमन जारी रहे और ईरान परमाणु हथियार हासिल न करे। उन्होंने कहा, "इन दोनों मुद्दों पर हम दोनों की राय बहुत स्पष्ट है।"

ट्रंप ने नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने को भी सहयोग के संभावित क्षेत्रों में शामिल किया। उन्होंने दावा किया कि सख्त प्रवर्तन उपायों के बाद समुद्री मार्ग से होने वाली फेंटेनाइल की तस्करी में 97 प्रतिशत की कमी आयी है।

अमेरिकी प्रसारक फॉक्स न्यूज ने शुरूआत में श्री ट्रंप और श्री शी की बैठक 13 मिनट चलने की खबर दी थी, लेकिन बाद में संबंधित पोस्ट हटा दी। बाद की खबरों के अनुसार, बैठक स्थानीय समयानुसार दोपहर 2.35 बजे (0635 जीएमटी) समाप्त हुई और करीब एक घंटे चली। ट्रंप और  शी की द्विपक्षीय बैठक से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भी बातचीत की थी। तीनों नेताओं के गुरुवार को बाद में त्रिपक्षीय वार्ता करने की भी उम्मीद है। श्री ट्रंप ने पुतिन के साथ अपनी पहले की मुलाकात को त्रिपक्षीय बैठक के लिए "मंच तैयार करने" वाला बताया और इसके सफल रहने की उम्मीद जताई। जिनपिंग ने एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग मंच के 33वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी की।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts