मोहम्मदपुरिया में नेटबॉल ट्रायल में 100 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग
चयनित खिलाड़ी आगामी ओपन नेटबॉल प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
Netball Trials: खारियां (सच कहूँ/सुनील कुमार)। राजकीय माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदपुरिया में हरियाणा खेल विभाग की ओर से नेटबॉल खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए गए। जिला खेल अधिकारी सीमा के निर्देशानुसार कोच ललित के मार्गदर्शन में हुए ट्रायल में जिलेभर से 100 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आंकलन किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी ओपन नेटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। ट्रायल का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य शमशेर सिंह ने किया।
इस अवसर पर मौलिक मुख्य शिक्षक बलविंदर सिंह इन्सां, पीटीआई रोशन लाल और कोच मुकेश कुमार भी मौजूद रहे। पीटीआई रोशन लाल ने बताया कि ट्रायल का उद्देश्य आगामी प्रतियोगिता के लिए योग्य खिलाड़ियों का चयन करना है। प्राचार्य शमशेर सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं बलविंदर सिंह इन्सां ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।