महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने मेडिकल कॉलेज का किया औचक निरीक्षण

महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने मेडिकल कॉलेज का किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

Published On

भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। Bhiwani News: हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने शनिवार को पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां पर व्यवस्थाओं को जायजा लिया और चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मीना परमार ने यहां शौचालयों की सफाई व्यवस्था चेक की, जो कि दुरुस्त नहीं मिली। इस पर उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी चिकित्सा संस्थान  में महिला शौचालय की सफाई व्यवस्था दुरुस्त होना बहुत जरूरी है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है।

यहां बीमार लोग उपचार के लिए आते हैं वहीं मरीजों साथ में तीमारदार भी आते हैं। साफ शौचालयों के साथ-साथ पेयजल भी स्वच्छ होना चाहिए। मीना परमार ने यहां पंजीकरण व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं को पंजीकरण के लिए अधिक देर तक लाइनों में खड़ा ना होना पड़े। ज्यादा देर तक लाइनों में खड़ा होने से बीमार लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग महिलाओं के हकों के लिए गंभीर है। आयोग के पास में महिलाओं से संबंधित जो भी समस्याएं आती हैं, आयोग द्वारा उन पर गहनता से कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने महिलाओं से कहा कि यदि उपचार के दौरान भी किसी प्रकार की लापरवाही बरती जाती है तो महिलाएं आयोग में अपनी शिकायत दे सकती हैं। इस दौरान डिप्टी मेडिकल सुपरिडेंट डॉक्टर राजेश कुमार ने मीना परमार को बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन का हर संभव प्रयास रहता है कि यहां आने वाले मरीजों को बेहतर से बेहतर उनकी जरूरत अनुसार चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएं। इस दौरान डॉक्टर मोनिका लांबा, डॉक्टर रमेश लाम्बा, डॉ ऋषभ सहित अनेक स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts