शिक्षा और रोजगार
महेंद्रगढ़ में घर के आंगन में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
ढाणी कुम्हारान में घर में खून से लथपथ मिला महिला का शव, परिजनों ने जताई जमीनी विवाद में हत्या की आशंका
लोहारू (सच कहूँ/सांवरमल वर्मा)। Loharu News: सतनाली थाना क्षेत्र के गांव ढाणी कुम्हारान में एक घर से महिला का खून से सना शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान करीब 48 वर्षीय शंकुतला पत्नी मीर सिंह निवासी ढाणी कुम्हारान के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर सतनाली थाना प्रभारी एसआई राकेश कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महेंद्रगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक ऋषिकांत भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा ग्रामीणों और परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से तथ्य जुटाए। मृतका के पति मीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में अपनी पत्नी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए परिवार के ही कुछ लोगों पर आरोप लगाए हैं। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार मीर सिंह ने बताया कि वह मजदूरी करता है तथा 9 अक्टूबर को वह खेत में था, जबकि उसकी पत्नी शकुंतला शाम को खाना खाने के बाद घर आ गई थी। वह खेत में ही सो गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 अक्टूबर को सुबह करीब छह बजे उसके घर का पड़ोसी रितिक खेत में उसके पास पहुंचा और बताया कि सरपंच दिनेश कुमार ने उसे घर बुलाया है। इसके बाद वह घर पहुंचा तो वहां सरपंच दिनेश कुमार सहित कुछ अन्य लोग मौजूद थे। शिकायत के अनुसार मीर सिंह ने जब घर का मुख्य गेट खोलकर अंदर देखा तो उसकी पत्नी शकुंतला आंगन में मुंह के बल खून से लथपथ पड़ी हुई थी और उसके शरीर से खून बह रहा था।
इसके बाद उसने पत्नी को सीधा किया तो आंगन में खून फैला हुआ था। इस दौरान मौके पर मौजूद सुनील कुमार ने उसे जानकारी दी कि रात करीब 12 बजे के आसपास गांव के मीर सिंह के घर में झगड़ा होने की बात योगेश ने बताई थी। जब उन्होंने जाकर देखा तो लाईट बंद थी तथा मीर सिंह के घर से एक व्यक्ति निकलता हुआ दिखाई दिया। रात के समय गेट बंद होने और अंधेरा होने के कारण वे उस व्यक्ति को पकड़ नहीं पाए। मीर सिंह ने आशंका जताई कि उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर हत्या की है।
मीर सिंह ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों से करीब पांच-छह महीने पहले जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था और उस दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। वहीं महिला की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से इनकार कर दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन सहमत हो गए और पुलिस के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल ले गए। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर तथ्य जुटाए है। मृतका के पति की शिकायत के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल में भिजवाया गया है जहां मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा जांच के बाद वारदात में संलिप्त आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।