Bribe Case: रिश्वत मांगने वाला मार्केट कमेटी सहायक सचिव गिरफ्तार
सब्जी मंडी में कारोबार करने देने के बदले हर महीने मांगता था रिश्वत
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुग्राम में मार्केट कमेटी के सहायक सचिव सुखबीर सिंह को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक सब्जी विक्रेता को मंडी में सब्जियां बेचने देने के बदले हर महीने 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि वह सब्जी बेचने का काम करता है और सहायक सचिव सुखबीर सिंह उससे मंडी में कारोबार करने देने के बदले मासिक रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान टीम ने सुखबीर सिंह को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी गुरुग्राम की टीम ने यह कार्रवाई की। मौके पर राजपत्रित अधिकारी के रूप में एचएसवीपी गुरुग्राम के एस्टेट मैनेजर आनंद मौजूद रहे। आरोपी के खिलाफ थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।