शिक्षा और रोजगार
Stubble Burning: 97 ग्राम स्तरीय कमेटियां रखेंगी पराली जलाने पर नजर
कृषि, राजस्व, पंचायत और पुलिस विभाग के कर्मचारी किए शामिल; लापरवाही पर होगी कार्रवाई
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: फसल अवशेष जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में एडीसी लक्षित सरीन की अध्यक्षता में ग्राम स्तरीय टास्क फोर्स कमेटियों के अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक हुई। इसमें हांसी, नारनौंद और बास क्षेत्रों में पराली जलाने की रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।
हांसी, नारनौंद और बास क्षेत्रों में कुल 97 निगरानी कमेटियां गठित की गई हैं। प्रत्येक कमेटी में पटवारी, ग्राम सचिव, पुलिस कर्मचारी और कृषि विभाग के कर्मचारी को शामिल किया गया है। कमेटियों को अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करने और पराली जलाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एडीसी ने कहा कि निगरानी व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी दिखनी चाहिए। ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों को पराली जलाने से होने वाले वायु प्रदूषण और मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन की तकनीकों और उपलब्ध कृषि यंत्रों की जानकारी देने तथा गांव स्तर पर किसानों से निरंतर संपर्क बनाए रखने को कहा। बैठक में डीएसपी विनोद शंकर भारद्वाज सहित कृषि, राजस्व, विकास एवं पंचायत और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।