Water connection: फीस घटने का असर: सरसा में 2,680 अवैध पेयजल कनेक्शन हुए वैध
11,499 से घटकर 1,550 रुपए हुई फीस
Water connection: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। पेयजल कनेक्शन वैध कराने की फीस करीब 10 हजार रुपए कम होने के बाद शहरवासियों का रुझान बढ़ा है। जनस्वास्थ्य विभाग के अभियान के तहत जुलाई से सितंबर तक 2,680 अवैध पेयजल कनेक्शन वैध किए जा चुके हैं। अब विभाग का लक्ष्य मार्च 2027 तक शहर के सभी अवैध पेयजल कनेक्शनों को नियमित करना है। इसके लिए जेई के नेतृत्व में 8 टीमें घर-घर जाकर कनेक्शनों की जांच कर रही हैं।
अवैध कनेक्शन मिलने पर उपभोक्ताओं को मौके पर ही कनेक्शन वैध कराने की प्रक्रिया और नई फीस की जानकारी दी जा रही है। पहले पेयजल कनेक्शन वैध कराने के लिए उपभोक्ता को 11,499 रुपए खर्च करने पड़ते थे। अब यह फीस घटाकर 1,550 रुपए कर दी गई है। फीस कम होने से लोगों के लिए कनेक्शन वैध कराना आसान हुआ है। विभाग की ओर से अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कैंप लगाकर भी लोगों को कनेक्शन नियमित कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
50,197 घरों में 7,999 कनेक्शन अवैध
जनस्वास्थ्य विभाग के अनुसार शहर में कुल 50,197 घर हैं और इनमें करीब ढाई लाख की आबादी रहती है। इनमें पहले से 42,198 घरों में पेयजल के वैध कनेक्शन हैं, जबकि 7,999 कनेक्शन अवैध हैं। जुलाई से सितंबर के दौरान 2,680 कनेक्शन वैध किए गए हैं। अब विभाग का फोकस बचे हुए 5314 अवैध कनेक्शनों को नियमित कराने पर है। विभाग की 8 टीमें क्षेत्रवार घरों में पहुंचकर कनेक्शनों की जांच कर रही हैं। जहां अवैध कनेक्शन मिल रहे हैं, वहां उपभोक्ताओं को इन्हें वैध कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि फीस में बड़ी राहत मिलने के कारण अब कनेक्शन नियमित कराने में पहले की तुलना में काफी कम खर्च आएगा।
1,550 रुपए में वैध होगा कनेक्शन
कनेक्शन वैध कराने के लिए अब उपभोक्ता को कुल 1,550 रुपए देने होंगे। इसमें 1,000 रुपए पानी कनेक्शन, 500 रुपए सीवर कनेक्शन और 50 रुपए मीटर फीस शामिल है। पहले 11,499 रुपए की फीस होने के कारण कई उपभोक्ता कनेक्शन वैध कराने से बच रहे थे। अब फीस घटने के बाद लोगों में कनेक्शन नियमित कराने का रुझान बढ़ा है। तीन महीने में 2,680 कनेक्शन वैध होना इसका असर माना जा रहा है। शहर के सभी पेयजल कनेक्शन वैध होने से विभाग का राजस्व भी बढ़ेगा। विभाग प्रति घर 60 रुपए महीना पानी का बिल लेता है। 50,197 घरों के कनेक्शन वैध होने पर हर महीने करीब 30 लाख रुपए और सालाना करीब 3.61 करोड़ रुपए का बिल विभाग के पास आएगा।
फीस कम होने से लोगों के लिए कनेक्शन वैध कराना आसान हुआ है। विभाग की टीमें घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को कनेक्शन नियमित कराने के लिए प्रेरित कर रही हैं। मार्च 2027 तक शहर के सभी पेयजल कनेक्शन वैध करने का लक्ष्य है। दीपक, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग सरसा।