Congress Protests: वोट चोरी पर कांग्रेस का हंगामा, लघुसचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन, सीईसी का पुतला फूंका
जिलाध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
Congress Protests: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर सोमवार को सरसा में कांग्रेस ने लघुसचिवालय गेट पर प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि जिले में कांग्रेस के तीन मौजूदा विधायक हैं, लेकिन प्रदर्शन में इनमें से सिर्फ ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल ही पहुंचे। सरसा विधायक गोकुल सेतिया और कालांवाली विधायक शिशपाल केहरवाला प्रदर्शन में नजर नहीं आए।
जिले की पांच विधानसभा सीटों में कांग्रेस के पास सरसा, कालांवाली और ऐलनाबाद सीटें हैं। विधायक भरत सिंह बेनीवाल व जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल समेत पार्टी नेता और कार्यकर्ता हाथों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की तथा सीईसी का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन में रानियां से कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सर्वमित्र कंबोज और कालांवाली से कांग्रेस नेता निर्मल सिंह मलड़ी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हालांकि सरसा विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली विधायक शिशपाल केहरवाला और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा, पूर्व ओएसडी डा. केवी सिंह समेत कुछ प्रमुख चेहरे प्रदर्शन में नहीं दिखे। इससे प्रदर्शन के दौरान पार्टी की स्थानीय मौजूदगी को लेकर चर्चा रही।
नेताओं ने लगाए आरोप, जांच की मांग
ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मामले की जांच की मांग की। जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने भी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की जांच कराने की मांग रखी। वहीं सर्वमित्र कंबोज ने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। प्रदर्शन को देखते हुए लघुसचिवालय के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।