Farmers News: किसान पोर्टल पर जमाबंदी, जमीन का रिकॉर्ड या नाम का डाटा नहीं उठने से किसान परेशान

किसान पोर्टल पर दोबारा आधार नंबर दर्ज कर डाटा की स्थिति जांचें : कृषि विभाग

Published On

Farmers News: नाथूसरी चौपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। किसान आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) बनवाने में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोर्टल पर पुरानी जमाबंदी, जमीन का रिकॉर्ड या नाम का डाटा नहीं उठने से किसान आईडी की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही। किसानों के अनुसार आधार और भू-रिकॉर्ड में नाम या अन्य विवरण मैच नहीं होने के कारण समस्या आ रही है। दड़बा कलां के किसान पवन कुमार स्वामी, तोता राम और नाथूसरी कलां के विरेंद्र सिंह ने बताया कि किसान आईडी बनवाने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन पोर्टल पर पिछला रिकॉर्ड नहीं आने से आवेदन अटक रहे हैं। कृषि विभाग के अनुसार ऐसी स्थिति में किसान पोर्टल पर दोबारा आधार नंबर दर्ज कर डाटा की स्थिति जांचें। रिकॉर्ड में गलती होने पर राजस्व विभाग से इसे दुरुस्त करवाना होगा।

चौपटा में 27,800 में से 13 हजार की बनी आईडी

नाथूसरी चौपटा खंड में करीब 27,800 किसान पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। इनमें करीब 13 हजार किसानों की किसान आईडी बन चुकी है, जबकि 14,800 किसान अभी बाकी हैं। कृषि विकास अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सहारण ने बताया कि किसान गांव के कृषि सुपरवाइजर या खंड कृषि कार्यालय से आईडी बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसान आईडी कृषि योजनाओं और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी हो रही है।

About The Author

Related Posts