Attacked: शोर कम करने को कहा तो घर में घुसकर हमला

लोहे की रॉड व डंडों से मारपीट, बीच-बचाव करने आए युवक की दोनों टांगें तोड़ीं

Published On

हनुमानगढ़। आईटीआई बस्ती में शोर कम करने की बात कहने पर एक युवक के घर में घुसकर लोहे की रॉड व डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में अरुण (24) पुत्र पवन कुमार निवासी वार्ड नंबर 8, संगरिया हाल वार्ड नंबर 8, आईटीआई बस्ती, जंक्शन ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ पिछले करीब डेढ़ वर्ष से आईटीआई बस्ती स्थित अपने खरीदे हुए मकान में रह रहा है। 27 सितंबर की रात करीब 8 बजे उसके पड़ोसी घर के बाहर गली में गांजे के नशे में स्पीकर पर तेज आवाज में गाने बजाकर नाच रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। घर में पत्नी और बच्चे होने के कारण उसने पड़ोसियों से शोर कम करने के लिए कहा। इस बात से पड़ोसी नाराज हो गए और करीब एक घंटे बाद विनोद खाती, टीटू तथा करीब 20 अन्य लोग उसके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए।

परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, हाथ की उंगलियों, मुंह, पैर और कमर पर चोटें आईं। उसके घुटने पर भी वार किया गया तथा जातिसूचक गालियां दी गईं। हमले में उसके सिर के बीचोंबीच गहरा घाव हो गया तथा पूरे शरीर पर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उसके जानकार तरुण उर्फ गोलू (26) पुत्र सुरजीत कुमार धोबी, निवासी झूलेलाल मंदिर, गांधीनगर, जंक्शन के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उसकी दोनों टांगों में चोटें आईं और वह राजकीय जिला चिकित्सालय में उपचाराधीन है। रिपोर्ट एवं चोटों के आधार पर प्रथम दृष्टया संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच एससीएसटी सेल सीओ करण सिंह को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts