Asian Games Boxing: परवीन हुड्डा मुक्केबाजी में निकली गोल्डन सफर पर

चीनी बॉक्सर पर दमदार पंच, 65 किग्रा भार वर्ग में ली शू को 5-0 से हराया

Published On

Asian Games Boxing: निशियो (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाज परवीन हुड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 65 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। निशियो जिम्नेजियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में परवीन ने चीन की ली शू को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया। मुकाबले की शुरुआत दोनों मुक्केबाजों के बीच कड़ी टक्कर के साथ हुई। पहले राउंड में परवीन ने आक्रामक होने के बजाय संयमित रणनीति अपनाई और मौके देखकर काउंटर पंच लगाए। जजों ने यह राउंड परवीन के पक्ष में 3-2 से दिया।

दूसरे राउंड में भारतीय मुक्केबाज ने अपनी गति और सटीक पंचिंग बढ़ा दी। ली शू ने भी जवाबी हमले करने की कोशिश की, लेकिन परवीन ने लगातार प्रभावी हिट्स लगाकर राउंड पर नियंत्रण बनाए रखा। इस राउंड में सभी पांच जजों ने भारतीय मुक्केबाज को विजेता माना। तीसरे राउंड में भी परवीन ने अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने दूरी का बेहतर इस्तेमाल करते हुए कई सटीक पंच लगाए और निर्णायकों को प्रभावित किया। सभी पांच जजों ने एक बार फिर उनके पक्ष में फैसला दिया। स्कोरिंग में तीन जजों ने 29-28 और दो जजों ने 30-27 का निर्णय दिया।

अब परवीन हुड्डा के सामने खिताब जीतने की आखिरी चुनौती होगी। फाइनल में उनका मुकाबला चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन से होगा। निएन-चिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभवी मुक्केबाज हैं और ओलंपिक तथा विश्व चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने 2023 एशियन गेम्स में भी कांस्य पदक अपने नाम किया था।

परवीन के फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारतीय मुक्केबाजी टीम ने एशियन गेम्स में अपने पदकों की संख्या और बढ़ा दी है। भारत अब मुक्केबाजी में कम से कम छह पदक सुनिश्चित कर चुका है। इससे पहले प्रिया घनघस और लवलीना बोरगोहेन ने भी अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर पदक पक्के किए थे। प्रिया ने महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में ताजिकिस्तान की मिजगोना समदोवा को 5-0 से हराया। वहीं, लवलीना ने महिलाओं के 75 किलोग्राम क्वार्टर फाइनल में कोरिया की सियोंग सुयोन को 5-0 से मात दी।

रविवार को अंकुश पंघाल, परवीन हुड्डा और नरेंद्र ने क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर भारत के लिए तीन और पदक सुनिश्चित किए थे। पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग में मौजूदा कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन अंकुश पंघाल ने ताजिकिस्तान के नेक्रूज सालिमोव को 5-0 से हराया था। परवीन ने क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान की नवबखोर खामिदोवा को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया था। वहीं नरेंद्र ने भी अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज कर भारत के लिए पदक पक्का किया। अब भारतीय प्रशंसकों की नजर परवीन हुड्डा के फाइनल मुकाबले पर है, जहां उनके पास एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने का मौका होगा।

About The Author

Related Posts