Gas Connection Worker Missing: गैस कनेक्शन करने वाली कंपनी में कार्य करने वाला युवक लापता

23 सितंबर की सुबह पत्नी के साथ ससुराल गया था, मोबाइल फोन बंद

Published On

Gas Connection Worker Missing: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन में गैस कनेक्शन करने वाली कंपनी में कार्य करने वाला 30 वर्षीय युवक लापता हो गया। परिजनों की ओर से तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल जंक्शन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में सोहनलाल (55) पुत्र सांवतराम नायक निवासी किशनपुरा दिखनादा पीएस टाउन ने बताया कि 23 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे उसका पुत्र ओमप्रकाश (30) अपनी पत्नी संतोष कुमारी के साथ रिश्तेदारी में ससुराल पक्ष के बृजलाल के घर, वार्ड नंबर 2, जंक्शन गया था। इसके बाद ओमप्रकाश पाइप वाले गैस कनेक्शन करने वाली कंपनी, जंक्शन में अपने काम पर जाने की बात कहकर वहां से चला गया। ओमप्रकाश की पत्नी संतोष कुमारी अपने मामा बृजलाल के पोते के साथ वापस किशनपुरा दिखनादा स्थित घर आ गई, लेकिन ओमप्रकाश वापस घर नहीं पहुंचा।

परिजनों ने रिश्तेदारी सहित अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस के अनुसार घर से निकलते समय ओमप्रकाश ने नीले रंग की शर्ट, सलेटी रंग की पेंट और जूते पहन रखे थे। उसके पास मोबाइल फोन था, जो फिलहाल बंद आ रहा है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल नवदीप को सौंपी है।

About The Author

Related Posts