Tibbi Municipal Election 2026: टिब्बी में मतदान से पहले हंगामा, पार्षदों से मारपीट का आरोप

नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष की रिपोर्ट पर 13 नामजद समेत 40-50 अन्य के खिलाफ एफआईआर, एससीएसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ीं

Published On

Tibbi Municipal Election 2026: हनुमानगढ़। टिब्बी नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान मतदान केन्द्र परिसर में पार्षदों के साथ मारपीट, रास्ता रोकने, पथराव, छीनाझपटी एवं जबरन उठाकर ले जाने के प्रयास के आरोप में टिब्बी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह मामला कांग्रेस पार्टी से टिब्बी नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवीलाल (58) पुत्र मोहनलाल मेघवाल निवासी वार्ड नंबर 2, टिब्बी की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया है।

परिवादी देवीलाल ने रिपोर्ट में बताया कि 21 सितंबर को टिब्बी नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए पार्षदों का मतदान होना था। वह अपनी पार्टी के 10 पार्षदों तथा युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार पुत्र कालूराम निवासी मेहरवाला के साथ पार्षदों को मतदान करवाने के लिए नगर पालिका स्थित मतदान केन्द्र पहुंचा था।

तब मतदान केन्द्र पर सुरेन्द्र सिंह उर्फ काला प्रधान, गुरदास सिंह पुत्र भोला सिंह, जोगप्रीत सिंह पुत्र मलकीत सिंह, छगनलाल पुत्र करतार सिंह, जसविन्द्र सिंह पुत्र बलविन्द्र सिंह, बलविन्द्र सिंह पुत्र जम्मू सिंह, जसवीर सिंह पुत्र करतार सिंह, मलकीत सिंह पुत्र जम्मू सिंह, संदीप पुत्र साधुराम, कश्मीर सिंह पुत्र फौज सिंह तथा सिमरन पुत्र सुरेन्द्र सिंह सभी निवासी टिब्बी के अलावा हर्ष राघव निवासी कमरानी, मनप्रीत सिंह निवासी सलेमगढ़ तथा गुरशरण संधू निवासी तारा सिंह ढाणी, टिब्बी सहित 40-50 अन्य लोग मौके पर मौजूद थे। परिवादी के अनुसार आरोपियों ने पार्षदों एवं उसके ऊपर अचानक हमला किया और पथराव किया। जिस वाहन में पार्षद आए थे, उसके शीशे तोड़ने का प्रयास करने तथा धारदार हथियार एवं लाठी-डंडे लेकर हमला किया।

देवीलाल ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पार्षद सुशील कुमार, वार्ड नंबर 15 एवं हरदीप सिंह, वार्ड नंबर 13 को जबरन उठाकर ले जाने और अपहरण का प्रयास किया। वहीं पार्षदों में शामिल तमन्ना के साथ धक्का-मुक्की की। इससे उसके गर्भ को खतरा उत्पन्न हुआ। परिवादी ने चार पार्षदों के अस्थमा रोगी होने और उनके साथ भी छीनाझपटी एवं मारपीट किए जाने का आरोप लगाया। परिवादी के अनुसार पूरी घटना मतदान केन्द्र परिसर में हुई, जहां चुनाव आचार संहिता एवं धारा 144 लागू थी। पुलिस की ओर से रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान संगरिया वृताधिकारी शंकरलाल छाबा कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है।

About The Author

Related Posts