शिक्षा और रोजगार
DAP Fertilizer News: डीएपी के लिए किसानों में आपाधापी, पुलिस निगरानी में बांटे टोकन
इफको केंद्र पर उमड़ी भीड़, व्यवस्था संभालने के लिए थाने के बाहर लगवाई कतार
DAP Fertilizer News: भूना (सच कहूँ/संगीता रानी) । गेहूं की बिजाई से पहले डीएपी खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को इफको किसान सेवा केंद्र पर सुबह से ही लंबी कतार लग गई। भीड़ बढ़ने पर खाद लेने को लेकर हंगामे की स्थिति बन गई। इसके बाद केंद्र कर्मचारियों ने पुलिस की मदद ली और थाने के बाहर किसानों की कतार लगवाकर टोकन वितरित किए।
रविवार को डीएपी पहुंचने की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह केंद्र खुलने से पहले किसान पहुंचने शुरू हो गए। केंद्र इंचार्ज मुकेश कुमार रिकॉर्ड लेकर भूना पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस की निगरानी में टोकन बांटे गए। उन्होंने बताया कि केंद्र पर डीएपी के 2400 बैग पहुंचे हैं। टोकन के आधार पर निर्धारित मात्रा में खाद दी जा रही है। कतार में खड़े किसानों रमेश पूनिया, राजेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, सुखविंदर सिंह, बलजीत सिंह और हरपाल सिंह ने बताया कि वे रविवार शाम से ही खाद लेने का प्रयास कर रहे हैं। किसानों के अनुसार गेहूं की बिजाई के समय डीएपी की मांग बढ़ जाती है, इसलिए वे पहले से खाद का इंतजाम करना चाहते हैं।
किसानों की भीड़ से बढ़ी परेशानी
डीएपी लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंचने से इफको किसान सेवा केंद्र पर व्यवस्था बिगड़ गई। भीड़ और हंगामे की स्थिति को देखते हुए पुलिस की निगरानी में थाने के बाहर टोकन बांटे गए, ताकि खाद का वितरण व्यवस्थित तरीके सेकिया जा सके।