शिक्षा और रोजगार
Body Donation: ब्लॉक कल्याण नगर की मोनिका इन्सां मरणोपरांत भी बनीं समाज के लिए प्रेरणास्रोत
पार्थिव देह जम्मू मेडिकल कॉलेज को दान व नेत्र भी दो अंधेरी जिंदगियों को करेंगे रोशन
Body Donation: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। ब्लॉक कल्याण नगर के जोन कल्याण नगर की गली नंबर-5 निवासी 43 वर्षीय मोनिका
इन्सां पत्नी हरीश इन्सां सोमवार को अपनी सांसारिक यात्रा पूरी कर सचखंड जा विराजीं। उनके स्वजनों ने पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की शिक्षाओं से प्रेरित होकर अमर सेवा मुहिम के तहत उनकी पार्थिव देह मेडिकल शोध के लिए दान कर दी।
वहीं उनकी दोनों आंखें ज्योतिदान मुहिम के तहत शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल स्थित पूज्य माता करतार कौर जी इंटरनेशनल आई बैंक को दान की गईं। जो दो दृष्टिहीन लोगों के जीवन में रोशनी लाने का काम करेगी। सोमवार शाम करीब 5 बजे कल्याण नगर स्थित उनके आवास पर अरदास का शब्द बोला गया। इसके बाद फूलों से सजी एंबुलेंस में पार्थिव देह को रखा गया। आवास से शाह मस्ताना जी-शाह सतनाम जी धाम डेरा सच्चा सौदा सरसा तक अंतिम विदाई यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान परिजनों, शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादारों और साध-संगत ने जब तक सूरज चांद रहेगा, मोनिका इन्सां तेरा नाम रहेगा और देहदानी मोनिका इन्सां अमर रहे के नारों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बेटा-बेटी एक समान का संदेश भी दिया
अंतिम विदाई के दौरान डेरा सच्चा सौदा की बेटा-बेटी एक समान शिक्षा की मिसाल भी देखने को मिली। सचखंडवासी मोनिका इन्सां की बेटी दिशा, बेटे मानक सहित अन्य पारिवारिक सदस्यों ने अर्थी को कंधा दिया। डेरे के मुख्य द्वार पर परिजनों और साध-संगत ने नम आंखों से धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा का इलाही नारा लगाया। इसके बाद उनकी पार्थिव देह को डिपार्टमेंट आॅफ एनाटॉमी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल जम्मू में मेडिकल शोध के लिए भेज दिया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कल्याण नगर की सच्ची प्रेमी समिति के सेवादार बहन-भाई, परिजन, रिश्तेदार और संगे-संबंधी मौजूद रहे।