शिक्षा और रोजगार
Railway Drinking Water: रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिल रहा स्वच्छ पेयजल, 98.73 फीसदी नमूने पास
उत्तर पश्चिम रेलवे में 18,664 जल टैंकों की सफाई,नियमित हो रही पानी की जांच
जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। Railway Drinking Water News: रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल की गुणवत्ता की लगातार जांच की जा रही है। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता को लेकर बेहतर सुविधा और भरोसा मिल रहा है। जोधपुर मंडल में हालिया जांच के दौरान प्राप्त रिपोर्ट में 98.73 प्रतिशत जल नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे पाए गए हैं।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए स्टेशनों पर जल स्रोतों और टैंकों से नियमित नमूने लेकर अवशिष्ट क्लोरीनीकरण सहित विभिन्न मानकों की जांच की जा रही है। जांच में गुणवत्ता संबंधी कमी सामने आने पर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाती है।
मंडल में हालिया अभियान के तहत 104 जल नमूने लिए गए,जिनमें से 79 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 78 नमूने फिट पाए गए,जबकि एक नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। संबंधित मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई है।
पेयजल की गुणवत्ता के साथ जल टैंकों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से 17 अगस्त 2026 से शुरू विशेष अभियान के तहत जोन पर अब तक 18,664 जल टैंकों की सफाई की जा चुकी है। अभियान के दौरान 5,014 अवशिष्ट क्लोरीनीकरण,670 जैविक तथा 327 रासायनिक परीक्षण भी किए गए हैं।
रेलवे की ओर से जल स्रोतों की नियमित निगरानी और नमूना परीक्षण के आधार पर पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। इससे यात्रियों को स्टेशन पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत हुई है। विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा उपयोगी है। जल टैंकों की नियमित सफाई और गुणवत्ता परीक्षण से स्वच्छता के साथ यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को भी प्राथमिकता मिल रही है।