Job Fair: कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित 20वें रोजगार मेले में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने नव चयनित युवाओं को वितरित किए नियुक्ति पत्र
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित 20वें रोजगार मेले में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने नव चयनित युवाओं को वितरित किए नियुक्ति पत्र
जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। Jaipur News: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने शनिवार को जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित 20वें रोजगार मेले में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए, उनसे संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नव-नियुक्त अभ्यर्थी एवं उनके परिजन, युवा शक्ति तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
रोजगार मेला से 12.75 लाख युवाओं को नौकरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित रोजगार मेले के तहत 51 हजार से अधिक नव-नियुक्त युवाओं को विभिन्न केंद्रीय सरकारी विभागों एवं संगठनों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए। देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नव-नियुक्त युवाओं को संबोधित भी किया। 20वें रोजगार मेले के साथ विभिन्न सरकारी विभागों एवं संगठनों में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या लगभग 12.75 लाख हो गई है। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री ने सभी नव-नियुक्त युवाओं और उनके परिवारजनों को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनके जीवन में नई जिम्मेदारियों और नए अवसरों का शुभारंभ है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
सरकारी नौकरी के साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में युवाओं को नियुक्ति के अवसर मिल रहे हैं, वहीं कौशल विकास के माध्यम से उन्हें निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के साथ ही सरकार उन्हें उद्यमिता और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए भी आवश्यक अवसर, मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध करा रही है। आज देश का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन रहा है।
सेवाभाव के साथ करें अपने दायित्वों का निर्वहन: केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि सरकारी सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि देश और नागरिकों की सेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। नव-नियुक्त युवा अपनी प्रतिभा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य का राष्ट्र निर्माण में प्रभावी उपयोग ही विकसित भारत के संकल्प को गति देगा। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलना उनके लिए नई शुरुआत के साथ उनके परिवारों के लिए भी खुशी और गर्व का अवसर है।