Blood Donation Camp: रक्तदान से बचेंगे जीवन, युवाओं ने निभाया मानव सेवा का फर्ज
तेरापंथ युवक परिषद के स्थापना दिवस पर मेगा शिविर में 105 यूनिट रक्त संग्रहित
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के स्थापना दिवस के मौके पर तेरापंथ युवक परिषद की पीलीबंगा शाखा एवं श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के तत्वावधान में शनिवार को विश्वविद्यालय के गुरुनानक सदन में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। 'रक्तदान कर्तव्य' थीम पर आयोजित शिविर विकसित भारत स्पंदन छात्र कल्याण क्लब के अधीनस्थ सद्भाव क्लब के सौजन्य से हुआ।
शिविर का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना रहा। शिविर में 105 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों ने भी रक्तदान किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता से शिविर सफल रहा। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला ने किया। इस दौरान विश्वविद्यालय एवं तेरापंथ युवक परिषद से जुड़े पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वस्थ व्यक्ति की ओर से किया गया रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने और मानव सेवा के इस कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
रक्तदान जैसे सेवा कार्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला ने कहा कि रक्तदान ऐसा पुण्य कार्य है, जिसका लाभ सीधे जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. मयंक माथुर, आईक्यूएसी डायरेक्टर डॉ. अवदेश शर्मा, डॉ. विक्रम सिंह ओलख, डॉ. सत्यनारायण नाई, हेमंत बांठिया, तरुण जैन, नमन जैन, सतीश पुगलिया, मोहित डाकलिया, डॉ. जीआर शर्मा, डॉ. चंदन जिंदल, नर्सिंग ऑफिसर छिन्द्रपाल सहित विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। शिविर के सफल आयोजन में एनएसएस छात्र समन्वयक मदन लाल शर्मा एवं छात्रा समन्वयक डॉ. पुनिका भादू के नेतृत्व में एनएसएस विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग किया। विद्यार्थियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग करने के साथ रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।