Drug-Free India Campaign: नशे से दूर रहकर युवा बनें समाज के बदलाव की ताकत
नशा मुक्त भारत अभियान पर संगोष्ठी, विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
Drug-Free India Campaign: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हनुमानगढ़ तथा डॉ. भीमराव अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय, जयपुर के निर्देशानुसार शनिवार को टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राचार्य डॉ. सीताराम ने किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज युवा वर्ग के सामने नशे की लत एक बड़ी चुनौती है। नशे के कारण युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर बढ़ रही है। समय रहते नशे पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले वर्षांे में इसके गंभीर सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को योग, नियमित व्यायाम एवं मानसिक अनुशासन अपनाने की सलाह दी।
साथ ही, अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधि के विद्यार्थी होने के नाते समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की उनकी विशेष जिम्मेदारी है। संगोष्ठी में विधिक सेवा क्लीनिक के प्रभारी एवं सहायक आचार्य डॉ. बृजेश अग्रवाल ने नशे से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से देशभर में नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है तथा शिक्षण संस्थानों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. अग्रवाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे से बचने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर सह-आचार्य डॉ. केबी ओझा सहित महाविद्यालय के सभी शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारी मौजूद रहे।