Sirsa Road Accident: सरसा सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, तीन घायल
अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की शुरू
रानियां, (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। गांव अभोली के पास शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम पुत्र गरीब दास निवासी अलीपुर टीटू खेड़ा, प्रकाश पुत्र बलबीर, कृष्ण उर्फ बीरा सिंह और लवप्रीत पुत्र हरबंस निवासी नेजाडेला कलां सुबह करीब 5 बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर टिब्बी जा रहे थे। अभोली गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुरुषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रकाश, कृष्ण और लवप्रीत घायल हो गए। रानियां थाना प्रभारी रामकुमार ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान के लिए जांच की जा रही है।