करंट लगने से युवक की मौत, पालतू कुत्ता भी मरा
दोनों टूटे बिजली के तार की चपेट में आए
फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Faridabad News: सेक्टर-56 की राजीव कॉलोनी में शुक्रवार सुबह पालतू कुत्ते को घुमाने निकले 19 वर्षीय युवक अमन की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे में उसका पालतू कुत्ता भी मर गया। बताया गया है कि पंडित चौक के पास रात में बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया था। सुबह सैर के दौरान कुत्ता तार की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए अमन आगे बढ़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमन एक निजी कंपनी में काम करता था। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग को टूटे तार की जानकारी होने के बावजूद उसे समय पर नहीं हटाया गया। उनका कहना है कि तार हटाने या आसपास बैरिकेडिंग करने से हादसा रोका जा सकता था। परिजनों ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।