Reel Scam: इंस्टाग्राम रील में 25 लाख रुपये का इनाम बताकर 7.49 लाख की ठगी
रील में इनाम का दावा, Registration से लेकर GST और अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ित से कराए गए लगातार बैंक ट्रांसफर
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। साइबर ठगों ने इंस्टाग्राम रील के जरिए 25 लाख रुपये का इनाम जीतने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 7 लाख 49 हजार 356 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने ओढ़ां थाना पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव ख्योवाली निवासी संदीप कुमार के मुताबिक उसने अपने मोबाइल पर इंस्टाग्राम एक रील देखी। जिसमें महिला द्वारा दावा किया गया था कि रील देखने वाले को 25 लाख रुपये का इनाम मिलेगा।
रील में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने फोन उठाया और रजिस्ट्रेशन के नाम पर 40 हजार रुपये जमा करवाए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित से बैंक खातों में लगातार रकम ट्रांसफर करवाई। 13 मई को 48 हजार 365 रुपये और 5 हजार रुपये तथा 14 मई को 8 हजार रुपये समेत विभिन्न किस्तों में राशि जमा करवाई गई। बाद में इनाम, जीएसटी और अन्य शुल्क के नाम पर भी पैसे मांगे गए। पीड़ित के अनुसार आरोपियों के कहने पर उसने अपने बैंक खाते से 6 लाख 40 हजार 576 रुपये तथा दूसरे बैंक खाते से 1 लाख 8 हजार 870 रुपये ट्रांसफर किए।
इस तरह कुल 7 लाख 49 हजार 356 रुपये की राशि ठग ली गई। इसके बावजूद आरोपियों ने 25 लाख रुपये का इनाम नहीं दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे ठगी का अहसास होने के बाद उसने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लगातार नए बहाने बनाते रहे। पीड़ित ने पुलिस से मोबाइल नंबरों की जांच कर आरोपियों का पता लगाने तथा ठगी की रकम बरामद करवाने की मांग की है। एसआई अजय कुमार ने बताया की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।