दोगुने पैसे करने का झांसा देकर किसान से की 22 लाख रुपए की ठगी
शिकायत पर सदर डबवाली थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज
डबवाली/गोरीवाला,8 सितंबर (सच कहूँ/अनिल)। गांव अबूबशहर के किसान से रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करीब 22 लाख रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत पर सदर डबवाली थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में किसान सुखदीप सिंह ने बताया कि उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से मैसेज आया था। इसमें आरोपी ने हवन करवाने, उसके सभी काम ठीक करने और रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। इसके बाद फोन पर बातचीत के दौरान उसे विश्वास में लेकर अलग-अलग बैंक खातों में रुपए जमा करवाए गए।
आरोपियों ने दावा किया कि उसके खेत में एक जगह बताई जाएगी, जहां खुदाई करने पर जमा रकम की दोगुनी राशि मिलेगी। झांसे में आकर सुखदीप ने 12 अप्रैल से 18 मई 2026 के बीच कई बार रकम ट्रांसफर की। इसके अलावा 2 जुलाई को 5 लाख और 4 जुलाई को 1 लाख रुपए नेफ्ट के जरिए भेजे। शिकायतकर्ता के अनुसार कुल करीब 22 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए, लेकिन बदले में उसे कोई रकम नहीं मिली। बाद में उसे ठगी का एहसास हुआ। सुखदीप ने 18 अगस्त को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। 7 सितंबर को साइबर क्राइम यूनिट डबवाली में शिकायत पेश की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस अब बैंक खातों और ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।