चांदपुरा में दिव्यांग से कथित लूटपाट, तीन बाइक सवार युवकों पर आरोप
बीड़ी मांगने के बहाने पहुंचे युवकों ने की छीना-झपटी; नकदी व मोबाइल लेकर फरार, दिव्यांगों ने थाने पहुंचकर गिरफ्तारी की मांग
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: गांव चांदपुरा निवासी दिव्यांग दर्शन सिंह से तीन बाइक सवार युवकों द्वारा कथित तौर पर लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 5 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। पीड़ित ने जाखल थाना में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दर्शन सिंह के अनुसार, वह शाम को खेत में काम करने गया था और खेत की परंडी पर बैठा हुआ था। उसकी स्कूटी पास में खड़ी थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उससे बीड़ी मांगी। आरोप है कि बीड़ी देने के कुछ देर बाद दो युवकों ने उसे पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने छीना-झपटी करते हुए उसकी जेब से नकदी निकाल ली और स्कूटी में रखा मोबाइल लेकर फरार हो गया।
पीड़ित ने बताया कि उसने युवकों का पीछा करने का प्रयास किया। पीछा किए जाने का पता चलने पर युवकों ने बाइक वापस उसकी ओर मोड़ ली। दोबारा नुकसान पहुंचाए जाने के डर से वह उनकी नजर से बचकर वहां से निकल गया। फिलहाल तीनों युवकों की पहचान नहीं हो सकी है।
दिव्यांगों ने थाने पहुंचकर उठाई आवाज
मंगलवार को ब्लॉक समिति सदस्य रामचंद्र इन्सां लाल, लखबीर सिंह खालसा धालीवाल, पूर्व पंच लखमीर सिंह, दिव्यांग जगतार सिंह ग्रेवाल सहित अन्य लोग जाखल थाना पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
थाना प्रभारी बलराज ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं रामचंद्र इन्सां ने कहा कि यदि मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जिला भर के दिव्यांगों को एकजुट कर आवाज उठाई जाएगी।