गोकशी की नाकाम योजना का वांछित आरोपी धरा, जेल रवाना
गोकशी की नाकाम योजना का वांछित आरोपी धरा, जेल रवाना
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गोकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध छुरी बरामद हुई है। विगत छह सितंबर 2026 को कस्बे के जहानपुरा रोड स्थित बेरी के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी थी। पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने थाना प्रभारी कैराना सतीश कुमार को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सोमवार को अपराधों की रोकथाम एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी मौमीन निवासी ग्राम भोपुरा, थाना दोघट, जनपद बागपत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध छुरी बरामद होने का दावा किया गया है। प्रकरण में शेष वांछित आरोपी शहजाद निवासी हाजीपुरा शामली की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को जेल रवाना कर दिया है।