AAP Rajasthan News: बिजली बिलों के बोझ से राहत दे सरकार

हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली की मांग, आप ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Published On

AAP 300 Units Free Electricity: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। आम आदमी पार्टी ने विद्युत उपभोक्ताओं का शोषण रोकने और बिजली बिलों में राहत देने की मांग की है। इस संबंध में आप कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल के नेतृत्व में जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।

जिलाध्यक्ष बेनीवाल ने कहा कि राज्य सरकार के लगभग तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान बिजली उत्पादन बढ़ने का दावा किया जा रहा है, लेकिन इसके साथ ही बिजली की दरों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले से महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से विद्युत उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मांगों को तत्काल लागू करने की मांग की। ज्ञापन के जरिए मांग उठाई गई कि पंजाब सरकार की तर्ज पर राजस्थान के प्रत्येक विद्युत उपभोक्ता को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाए।

फ्यूल सरचार्ज, बेसिक फ्यूल सरचार्ज, विशेष ऑडिट शुल्क और नगरीय कर के नाम पर वसूली तत्काल बंद की जाए। मीटर किराये के नाम पर प्रतिमाह 400 रुपए वसूलने के बजाय पूर्व की भांति 200 रुपए प्रति माह लिए जाएं। उपभोक्ताओं की सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की योजना वापस ली जाए। सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर के स्थान पर सामान्य विद्युत मीटर लगाए जाएं। बिजली कंपनियों के निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल बंद कर विद्युत विभाग में स्थाई कर्मचारियों की भर्ती सुनिश्चित की जाए।

विद्युत विभाग में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कैग से ऑडिट करवाकर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। किसानों के लंबित कृषि विद्युत कनेक्शन तत्काल जारी किए जाएं। आम आदमी पार्टी ने सरकार से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं और किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की।

About The Author

Related Posts