Farmer News: ओढ़ां किसानों को बीज खरीद के लिए अब नहीं लगाने पड़ेंगे दूसरे शहर के चक्कर, जानें क्या है कारण
अब ओढ़ां में ही जल्द खुलगा सरकारी बीज बिक्री केंद्र
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। ओढ़ां और आसपास के गांवों के किसानों को अब सरकारी दरों पर प्रमाणित बीज खरीदने के लिए दूसरे शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हरियाणा बीज विकास निगम ने किसानों की मांग पर ओढ़ां में सरकारी बीज बिक्री केंद्र खोलने का फैसला लिया है। निगम के अनुसार इसी महीने दुकान शुरू कर दी जाएगी।
इससे किसानों के समय और परिवहन खर्च की बचत होगी। हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने बताया कि ओढ़ां और आसपास के गांवों के किसानों ने क्षेत्र में सरकारी बीज बिक्री केंद्र खोलने की मांग की थी। किसानों की परेशानी को देखते हुए निगम ने यह निर्णय लिया है। दुकान शुरू होने से किसानों को अपने क्षेत्र में ही प्रमाणित और अच्छी गुणवत्ता वाले बीज खरीदने की सुविधा मिलेगी।
नकली बीज की आशंका होगी कम
देव कुमार शर्मा ने बताया कि सरकारी बीज बिक्री केंद्र पर गुणवत्ता और अंकुरण क्षमता के मानकों पर खरे उतरने वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे किसानों को उचित दरों पर अच्छी गुणवत्ता के बीज मिल सकेंगे और नकली बीज मिलने की आशंका भी कम होगी। बेहतर बीज मिलने से खेती की लागत नियंत्रित करने और फसल की पैदावार सुधारने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि केंद्र शुरू करने की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इसी महीने इसका औपचारिक उद्घाटन कर किसानों को सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है। केंद्र खुलने से ओढ़ां और आसपास के गांवों के किसानों को बीज खरीदने के लिए सरसा, डबवाली और कालांवाली जाने की जरूरत कम पड़ेगी। सरकारी बीज बिक्री केंद्र खोलने के फैसले से क्षेत्र के किसानों में खुशी है। किसानों को उम्मीद है कि इससे समय की बचत के साथ खेती के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।