Hanumangarh Rover Scouts: राष्ट्रपति अवॉर्ड की दौड़ में हनुमानगढ़ के सात रोवर
बीकानेर में आयोजित जांच शिविर में विभिन्न कौशलों का हो रहा परीक्षण
President’s Award Scout: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की पीर कालम शाह ओपन रोवर क्रू पीरकामड़िया और रेयान कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन, 4 जेआरके जंडावाली के सात रोवर स्काउट का चयन राष्ट्रपति अवॉर्ड प्रमाण पत्र जांच शिविर के लिए हुआ है। बीकानेर के रिड़मलसर पुरोहितान स्थित स्काउट-गाइड मंडल मुख्यालय प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित इस शिविर में रोवर स्काउट साहिल, अनुराग, अक्षय कुमार, विजय कुमार, इरज, सोनू और विनोद कुमार अपनी दक्षताओं का प्रदर्शन कर रहे हैं।
स्थानीय संघ सचिव पवन बजाज ने बताया कि शिविर में रोवर स्काउट की विभिन्न व्यावहारिक क्षमताओं का परीक्षण किया जा रहा है। हनुमानगढ़ के सीओ स्काउट भारत भूषण ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य रोवर-रेंजर की नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना और व्यावहारिक दक्षताओं को परखना है। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर की टीम जांच कर रही है। शिविर संचालक करौली के सीओ स्काउट अनिल गुप्ता, सहायक शिविर संचालक चूरू के सीओ स्काउट महिपाल सिंह तंवर तथा झुंझुनूं के सीओ स्काउट महेश कालावत अभ्यर्थियों का परीक्षण कर रहे हैं।
राष्ट्रपति अवॉर्ड परीक्षा के लिए राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से अलग से मुख्य परीक्षक एवं सह परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा के दौरान प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, गांठ एवं रस्सी कार्य, पायनियरिंग, दिशा ज्ञान, अग्नि सुरक्षा और हाइकिंग जैसी गतिविधियों में दक्षता जांची जा रही है। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा और सामाजिक कार्यों को भी महत्व दिया जा रहा है।
शिविर में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को आगे मुख्य परीक्षा सीबीटी में उत्तीर्ण होना होगा। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों को दिल्ली में राष्ट्रपति की ओर से राष्ट्रपति अवॉर्ड प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। सातों रोवर के चयन पर सीओ स्काउट भारत भूषण, जिला प्रशिक्षण आयुक्त मुंशीराम, क्रू अध्यक्ष सोहन गोदारा सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रसन्नता जताते हुए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।