शिक्षा और रोजगार
शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज में 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत' के तहत लघु नाटिका के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज में 'नशा मुक्त युवा विकसित भारत' के तहत लघु नाटिका के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश
गोलूवाला (सच कहूँ/सुरेन्द्र गुम्बर)। Goluwala News: शाह सतनाम जी गर्ल्स महाविद्यालय श्रीगुरुसर मोडिया में नशा मुक्त सेल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नशा मुक्त सेल प्रभारी जसप्रीत कौर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी ललिता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नशा मुक्ति पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत कर प्रभावशाली ढंग से नशों से दूर रहने का संदेश दिया। नाटिका के माध्यम से शराब, तंबाकू, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों को दर्शाया गया। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के जरिए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके पारिवारिक जीवन,शिक्षा और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. नवजोत कौर गिल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है।
उन्होंने छात्राओं को स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की 50 छात्राओं ने नशा मुक्ति का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय की यह पहल युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ, जागरूक एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम रही।