CM Dhami Cleanliness Campaign: सीएम धामी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत किया श्रमदान

नानकमत्ता साहिब पहुंच खुद उठाई सफाई की जिम्मेदारी

Published On

CM Dhami Cleanliness Campaign: उधम सिंह नगर (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमत्ता साहिब में आयोजित विशेष स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लिया। अभियान की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचे और मत्था टेककर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई कार्य में हिस्सा लिया और श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना जितना जरूरी है, उतना ही अपने आसपास के वातावरण को साफ रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे जनसेवा कार्यकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन का बड़ा हिस्सा देश और नागरिकों की सेवा के लिए समर्पित किया है। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में करीब 25 वर्षों से लगातार जनसेवा की भूमिका में हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ देशभर में विभिन्न सेवा गतिविधियों के साथ मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नानकमत्ता साहिब में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों के साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों जैसे सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। सरकार का उद्देश्य इसे नियमित जनभागीदारी से जोड़कर लगातार आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और एसडीएम ऋचा सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम के जरिए धार्मिक स्थलों की स्वच्छता के साथ जनभागीदारी और नियमित स्वच्छता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

About The Author

Related Posts